फोटो 28: प्रभु नगर में निगम की कार्रवाई का विरोध कर लोगों को समझाते पुलिस कर्मी। संवाद
सोनीपत। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार शाम तीन कॉलोनियों में जाकर मकानों के आगे गलियों में बनाए गए रैंप हटाए। सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत का निपटान करने के लिए निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची। रैंप हटाने की कार्रवाई के दौरान लोगों ने नगर निगम की टीम का विरोध किया। लोगों का आरोप था कि नगर निगम की ओर से आम जन को परेशानी किया जा रहा है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में रैंप हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्रभु नगर व दहिया कॉलोनी के दो लोगों ने सीएम विंडो पर रैंप हटवाने की मांग को लेकर शिकायत कर रखी थी। शिकायत को निपटाने के लिए प्रशासन की ओर से लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया था। शुक्रवार शाम को निगम कार्यालय से टीम बुलडोजर लेकर सबसे पहले प्रभु नगर स्थित पीपल वाली गली में पहुंची। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उनके साथ शहर थाने से पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। टीम की ओर से रैंप तोड़ने शुरू किए गए तो लोगों ने टीम की इस कार्रवाई का विरोध कर दिया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रशांत कौशिक व सहायक नगर योजनाकार नवरत्न वत्स ने लोगों को समझाया। तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद टीम वेस्ट रामनगर होते हुए दहिया कॉलोनी में भी पहुंची। इस दौरान लोगों की ओर से कई जगहों पर विरोध किया गया, लेकिन पुलिस बल ज्यादा होने के कारण कार्रवाई में बाधा नहीं बन सके। सहायक नगर योजनाकार नवरत्न वत्स ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने घरों के बाहर रैंप न बनाए। रैंप बनाए जाने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।