सोनीपत। बूंदाबांदी और हवा चलने से आसमान में छाई स्मॉग की मोटी चादर हट गई, जिससे जिले में वायु गुणवत्ता का स्तर संतोषजनक श्रेणी में आ गया है। दस दिन तक गंभीर व बहुत खराब स्थिति में बना हुआ एक्यूआई अब बेहतर हो गया है, जिससे लोगों के चेहरे से मास्क हट गया है और अब वह खुलकर सांस ले पा रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 10 दिन से सुबह-शाम स्मॉग की चादर छाई रहती थी। जिसका लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा था। शुक्रवार को भी जिले में वायु गुणवत्ता का स्तर 429 दर्ज किया गया था, हालांकि उसमें वीरवार को ही सुधार होना शुरू हो गया था। प्रदूषण का स्तर गिरने से लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने में हो रही परेशानी से राहत मिली।
छोटी दिवाली पर वातावरण में धुएं और स्मॉग से राहत मिलने पर लोगों को बड़ी राहत मिली है। वातावरण में पीएम 10 का स्तर 102 व पीएम 2.5 का स्तर 217 दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 25.9 व न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वर्जन
बूंदाबांदी व हवा चलने से वातावरण में प्रदूषण का स्तर कम हो गया है। लोगों को काफी राहत मिली है। इसके साथ-साथ ठंड भी बढ़ेगी। -प्रदीप सिंह, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी।