सोनीपत। किसानों के लिए राहत की खबर है। रेलवे स्टेशन पर 1470 मीट्रिक टन (एमटी) यूरिया खाद की रैक लगी। दो दिन में यूरिया खाद जिले के खाद विक्रेताओं तक पहुंच जाएगी। वहीं कृषि अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को गोहाना में 1100 एमटी डीएपी खाद की रैक लग जाएगी।
गेहूं की बिजाई प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके चलते डीएपी और यूरिया खाद की मांग बढ़ गई है। सोनीपत जिले में 1.45 लाख हेक्टेयर में गेहूं की औसतन बिजाई होती है। डीएपी खाद की डिमांड अधिक है। दिसंबर में यूरिया की डिमांड बढ़ जाती है। सोनीपत जिले में रबी सीजन के दौरान करीब 49 हजार मीट्रिक टन यूरिया खाद की जरूरत पड़ती है। ऐसे में कृषि विभाग डीएपी के साथ-साथ यूरिया भी मंगवाने की कवायद में जुटा हुआ है।
इस बार जिले में अब तक 10829 एमटी डीएपी पहुंच चुकी है। हालांकि अभी भी डिमांड के हिसाब से सोनीपत जिले में करीब 2500 से 3000 हजार एमटी खाद की कमी है। मंगलवार तक 1100 एमटी डीएपी पहुंचने की उम्मीद है।