फोटो - बस अड्डा परिसर में खड़ी बसें। संवाद
गोहाना। सावन माह में हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज विभाग ने गोहाना सब-डिपो से एक स्पेशल बस शुरू की है। इसके साथ अब गोहाना बस अड्डे से हरिद्वार के लिए प्रतिदिन दो बसों का संचालन होगा। पहली बस सुबह 4:40 बजे और दूसरी सुबह छह बजे रवाना होगी। स्पेशल बस का संचालन केवल सावन माह तक किया जाएगा।
30 जुलाई से सावन माह शुरू होने से पहले ही हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। अब तक गोहाना से हरिद्वार के लिए केवल एक रोडवेज बस संचालित होती थी। इसके कारण कई यात्रियों को दूसरे जिलों की बसों का इंतजार करना पड़ता था या पानीपत जाकर बस बदलनी पड़ती थी। पिछले कई दिनों से श्रद्धालु हरिद्वार के लिए अतिरिक्त बस चलाने की मांग कर रहे थे। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज विभाग ने स्पेशल बस शुरू कर दी।
श्रद्धालुओं के साथ रोडवेज को भी होगा लाभ
गोहाना बस अड्डे से अब हरिद्वार के लिए पहली बस सुबह 4:40 बजे और दूसरी सुबह छह बजे रवाना होगी। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेने हरिद्वार जाते हैं। ऐसे में अतिरिक्त बस से यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी। साथ ही यात्रियों की संख्या बढ़ने से रोडवेज के राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
यात्रियों की मांग पर चलाई है स्पेशल बस
क्षेत्र के यात्रियों ने हरिद्वार के लिए स्पेशल बस चलाने की मांग की थी। हरिद्वार रूट पर यात्री बढ़ने पर एक अतिरिक्त बस चलानी शुरू की है। बस अड्डा से हरिद्वार के लिए प्रतिदिन दो बसें चलेंगी। स्पेशल बस की सुविधा केवल सावन माह के लिए है। सावन माह के बाद हरिद्वार रूट पर एक स्पेशल बस का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
सतीश कुमार, डीआई, बस अड्डा, गोहाना