फोटो 05: खरखौदा में पहुंची रेजांगला पराक्रम यात्रा के सदस्य शहीदों के परिवारों को सम्मानित करते
खरखौदा। बलिदानी सेवा दल फाउंडेशन की ओर से निकाली जा रही रेजांगला पराक्रम यात्रा मंगलवार को खरखौदा पहुंची। यह यात्रा 17 जून को राजस्थान के जोधपुर के पावटा सर्कल से शुरू की गई है। 1962 के रेजांगला युद्ध में बलिदान हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है यात्रा का नेतृत्व कैप्टन रामचंद्र यादव कर रहे हैं।
खरखौदा में मंगलवार सुबह रोहतक रोड पर आयोजित कार्यक्रम में 1962 के युद्ध में शहीद हुए जिले के वीरों के परिजनों को रज कलश और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वीर चक्र विजेता गांव निरथान के धर्मपाल दहिया और मटिंडू के रामफल वाल्मीकि के परिवारों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
रेजांगला यात्रा में 15 सदस्य शामिल हैं। इनमें हवलदार निहाल सिंह, इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव, मनीष रेढू, नरेश चौहान, सावन सिंह, बलबीर सिवाच व धर्मदेव जैसे पूर्व सैनिक भी हैं। यात्रा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल होते हुए लेह-लद्दाख तक जाएगी। 2 अगस्त को नेशनल वार मेमोरियल, नई दिल्ली में इसका समापन किया जाएगा।
यह यात्रा देश के 29 जिलों में शहीदों के परिवारों का सम्मान कर रही है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। विधायक पवन खरखौदा के पिता आजाद भौरिया ने कहा कि बलिदानी सेवा दल फाउंडेशन की ओर से शहीदों के सम्मान में बेहतर कार्य किया जा रहा है। यह भी देशवासियों में देशभक्ति की भावना को जागृति करने का काम करेगा।