सोनीपत। बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए जम्मू-कश्मीर जाने वाले श्रद्धालु तीन जुलाई से जा सकेंगे। अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले उनको जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराना पड़ेगा। यात्रा पर जाने वालों का मॉडल टाउन स्थित पंजाब नेशनल बैंक में पंजीकरण शुरू हो गया है। अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए लोग पहुंच रहे हैं। मंगलवार को सात लोगों ने अपना मेडिकल करवाया।
स्वास्थ्य विभाग ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की चिकित्सा जांच शुरू करने के आदेश जारी किए हैं। अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक जारी रहेगी। सावन में श्रावणी मेले के दौरान बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय से आदेश जारी होने के बाद जिला नागरिक अस्पताल में श्रद्धालुओं की चिकित्सा जांच शुरू हो गई है। मंगलवार को विभिन्न गांवों से सात श्रद्धालुओं ने अपनी चिकित्सा जांच करवाई।
अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले जरूरी
चिकित्सा जांच करवाने के लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट से फार्म डाउनलोड करना होगा। उसके बाद जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सा जांच प्रमाणपत्र बनवाने के लिए फार्म के साथ पासपोर्ट फोटो लगाना होगा। चिकित्सा जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद अस्पताल के कमरा नंबर 201 स्थित प्रधान चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक की मॉडल टाउन शाखा में पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए चिकित्सा जांच प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की फोटो प्रति होना जरूरी है। इसके लिए प्रति व्यक्ति पंजीकरण फीस 150 रुपये रखी गई है। इसके बाद बैंक की ओर से यात्रा शुरू करने के लिए तिथि जारी की जाएगी। बैंक में पंजीकरण के दौरान हर व्यक्ति को बायोमीट्रिक निशान देना होगा।
इन श्रद्धालुओं को यात्रा पर जाने की अनुमति
अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की उम्र 14 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 6 सप्ताह या उससे ज्यादा की गर्भवती अमरनाथ की यात्रा नहीं कर सकतीं। अमरनाथ की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी ऊंचाई पर जाना पड़ता है, जिसकी वजह से सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। यही कारण है कि अस्थमा और फेफड़ों से संबंधित तकलीफ से जूझने वाले श्रद्धालु इस यात्रा के लिए शारीरिक रूप से फिट नहीं माने जाते हैं।
यह श्रद्धालु चिकित्सा जांच कराने पहुंचे
गांव शहजादपुर से पवन शर्मा व देवेंद्र 11वीं बार, हर्ष दूसरी बार, गांव जुआं से अनिल और पलड़ी से दीपक व प्रवेश दूसरी बार, गांव अगवानपुर से विनय कुमार पहली बार अमरनाथ यात्रा पर जाएंगे। सभी श्रद्धालुओं ने मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचकर मेडिकल करवाया।
अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की चिकित्सा जांच शुरू हो चुकी है। चिकित्सा जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद उनको चिकित्सा प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सा जांच के लिए श्रद्धालुओं का आना शुरू हो चुका है। -डॉ. जयंत आहूजा, सिविल सर्जन, सोनीपत।