सोनीपत। भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। गर्मी के सीजन में पहली बार 13 जून को रिकॉर्ड 1.55 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हुई है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में ओवरलोडिंग की वजह से बिजली के अघोषित कट लगने से लोगों को परेशानी हो रही है। बिजली निगम के अनुसार शुक्रवार को फ्यूज उड़ने के कारण मंडी क्षेत्र में 50 मिनट और मॉडल टाउन क्षेत्र में 30 मिनट तक बिजली गुल रही। वर्तमान में बिजली निगम के शिकायत केंद्र पर रोजाना 600 शिकायतें दर्ज हो रही हैं। वर्तमान में 1100 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है। इसमें से 800 मेगावाट बिजली आपूर्ति हो रही है।
जिले में शुक्रवार को 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं। 13 जून को सीजन में पहली बार रिकॉर्ड 1.55 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हुई। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पंखे-कूलर, एसी, फ्रिज आदि में काफी बिजली प्रयोग करनी पड़ रही है। लाइन लॉस ज्यादा होने के कारण लगातार बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। जिस हिसाब से गर्मी बढ़ रही है, उसके चलते बिजली की खपत भी एकाएक बढ़ गई है। बिजली किल्लत से औद्योगिक क्षेत्र कुंडली, राई, बड़ी व सोनीपत में उत्पादन पर भी असर पड़ने लगा है। अघोषित कट बढ़ने के कारण लोड भी ज्यादा बढ़ गया है। दिन-रात पंखे, कूलर व एसी चलने से लोड में बढ़ोतरी हुई है। गर्मी में उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित कोई परेशानी न हो, इसलिए मरम्मत का कार्य भी जारी है। विभिन्न इलाकों में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से बिजली के कट लग रहे हैं। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
फैक्टरियों में उत्पादन पर भी पड़ रहा असर
एक सप्ताह से तापमान बढ़ने के साथ बिजली की खपत बढ़ रही है। बिजली के अघोषित कट की संख्या अधिक होने से बिजली घरों पर भी लोड बढ़ रहा है। लाइन लोस अधिक होने की संभावना भी बढ़ी है। औद्योगिक क्षेत्र कुंडली, राई, बड़ी व सोनीपत में 20 हजार से ज्यादा फैक्टरियां हैं। बिजली किल्लत की वजह से उत्पादन कम होने लगा है। ऐसे में उद्योगपतियों को अपने उद्योग चलाने के लिए जेनरेटर का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इससे खर्च भी बढ़ रहा है।
गर्मी में ओवरलोड की वजह से बिजली के अघोषित कट लगते हैं। 13 जून को सीजन में पहली बार रिकॉर्ड 1.55 करोड़ यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई है। निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति देने की प्रयास जारी है। लगातार लाइनों व ट्रांसफार्मरों की मरम्मत की जा रही है ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
- गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, सोनीपत