इंग्लैंड के बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर वतन लौटे पहलवान रवि दहिया, बजरंग पूनिया व नवीन मलिक का दिल्ली हवाई अड्डे पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही प्रशंसकों ने स्वर्ण पदक विजेता पहलवान रवि दहिया को कंधों पर उठा लिया, वहीं बजरंग के सम्मान में नारे लगाए। पहलवानों के चेहरे पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की खुशी झलक रही थी। वहीं लंबी तैयारी की थकान भी नजर आ रही थी।
बर्मिंघम में देश के लिए पदक जीतकर लौटे पहलवानों की झलक देखने को हवाई अड्डे पर प्रशंसकों की भीड़ रही। हवाई अड्डे पर पहलवान रवि, बजरंग व नवीन को प्रशंसकों ने फूलमालाओं से लाद दिया। देश के लिए स्वर्णिम दाव लगाने वाले पहलवानों के साथ सेल्फी लेने की प्रशंसकों में होड़ लगी रही।
भीड़ इतनी अधिक थी कि कई प्रशंसक दूर से ही इंग्लैंड में देश की शान बढ़ाने वाले पहलवानों की झलक पाने को लालायित रहे। कई घंटे के स्वागत समारोह के बाद पहलवान रवाना हुए। हवाई अड्डे पर कई घंटे के स्वागत के बाद पहलवान रवि दहिया छत्रसाल स्टेडियम के लिए रवाना हुए।
रवि दहिया का अधिकारियों व अन्य पहलवानों ने भव्य स्वागत किया। रवि दहिया ने साथी पहलवानों, प्रशिक्षक अरुण, अपने भाई पंकज दहिया के साथ जीत की खुशी साझा की। गांव नाहरी में रवि के पड़ोसी युवक की मौत होने के कारण गांव में जश्न व सम्मान समारोह के सभी कार्यक्रम पहले ही स्थगित कर दिए थे। रवि अभी कई दिन यहीं आराम करेंगे। उसके बाद गांव में अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने के लिए आएंगे।
बजरंग ने मां को पहनाया पदक फिर देेशवासियों को किया समर्पित
दिल्ली हवाई अड्डे पर स्वागत के बाद पहलवान बजरंग पूनिया मॉडल टाउन स्थित अपने घर पर पहुंचे। यहां पर किसी प्रकार का स्वागत या सम्मान समारोह नहीं रखा गया था। बजरंग ने आते ही स्वर्ण पदक अपनी मां ओमप्यारी के गले में पहनाकर उनसे आशीर्वाद लिया।
छत्रसाल स्टेडियम में साथी पहलवानों के साथ पदक दिखाते पहलवान रवि दहिया।
इस दौरान बजरंग के पिता बलवान सिंह पूनिया व पत्नी संगीता भी मौजूद रहीं। मंगलवार को बजरंग को बुखार था। बजरंग ने अपने पदक को देशवासियों को समर्पित करते हुए देशवासियों के प्यार व आशीर्वाद के लिए धन्यवाद किया। बजरंग ने कहा कि अब बिना ब्रेक लिए अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप की तैयारी करेंगे। इसके बाद क्वालीफाइंग मुकाबले होंगे। पूरा फोकस 2024 में होने वाले ओलंपिक पर रहेगा।
रायपुर अखाड़े में गुरु का आशीर्वाद लेने पहुंचे पहलवान नवीन मलिक का स्वागत करते प्रशिक्षक अनिल खत्री व साथी पहलवान। संवाद
हवाई अड्डे से सीधे अखाड़े पहुंचे नवीन
पहलवान नवीन मलिक हवाई अड्डे से सीधे रायपुर स्थित अखाड़े में पहुंचे और गुरु अनिल व बलवान से आशीर्वाद लिया। यहां नवीन का साथी पहलवानों ने माला पहनाकर स्वागत किया। प्रशिक्षक अनिल खत्री और कुलदीप सिंह ने बताया कि नवीन मलिक की इस उपलब्धि का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत को जाता है। मेहनत के चलते ही उसने राष्ट्रमंडल खेलों में महज 19 वर्ष की आयु में स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने कहा थी नवीन को एक अच्छा पहलवान बनाने के लिए इसके परिवार का भी बड़ा संघर्ष रहा है। इसके उपरांत भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आजाद सिंह नेहरा और एससीबीसी वित्त निगम हरियाणा के निदेशक रविंद्र दिलावर ने मंगलवार को पहलवान नवीन मलिक के पिता धर्मपाल मलिक को सम्मानित किया। नवीन मलिक ने कहा कि अब वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक में पदक जीतना उनका सपना है, जिसके लिए वह कड़ी मेहनत करेगा।
11 अगस्त को पहुंचेंगे सुधीर, स्वागत की तैयारियां शुरू
पैरा पावर लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक विजेता सुधीर 11 अगस्त को अपने गांव लाठ पहुंचेंगे। लाडले के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने तैयारियां शुरू कर दी है। ग्रामीण सुधीर को लेने बहालगढ़ पहुंचेंगे। यहां उनको खुली जीप में बैठाकर गांव लाया जाएगा। गांव के मंदिर में मिठाई बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। सुधीर को कॉमनवेल्थ में पैरा पावर लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी होने का गौरव मिला है।
14 अगस्त फरमाणा पहुंचेगी पूजा, होगा स्वागत
फरमाणा की पहलवान पूजा गहलोत 14 अगस्त को गांव पहुंचेेंगी। गांव पहुंचने पर लाडली का ग्रामीण भव्य स्वागत करेंगे, जिसकी अभी से तैयारियां की जा रही है। कांस्य पदक विजेता पूजा के सम्मान समारोह के लिए एक वाटिका में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ताऊ धर्मबीर पहलवान ने बताया कि सोनीपत मार्ग से एक जुलूस की शक्ल में पूजा को सम्मान समारोह स्थल तक लाया जाएगा।
विनेश का खरखौदा में ढोल-नगाड़ों से होगा स्वागत
बर्मिंघम से पहलवान विनेश 10 अगस्त को अपने ससुराल खरखौदा के वार्ड-7 की प्रताप कॉलोनी स्थित घर पहुंचेंगी। जहां ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया जाएगा। विनेश के ससुर राजपाल राठी ने बताया कि पदक जीतकर विनेश ने देश का नाम रोशन करते हुए अपना वादा पूरा किया है। उसके स्वागत के लिए पहले से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
आज पहुंचेंगे हॉकी खिलाड़ी, निकाला जाएगा जुलूस
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बर्मिंघम में रजत पदक और महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है। टीम के सदस्य अभिषेक नैन और नेहा गोयल, निशा वारसी, ज्योति व शर्मिला बुधवार को वतन वापसी करेंगे। बुधवार शाम को शहर के मिशन चौक पर पांचों खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। खिलाड़ियों के सम्मान में जुलूस की शक्ल में इन्हें औद्योगिक क्षेत्र स्थित हॉकी मैदान में ले जाया जाएगा। जहां खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान अभिषेक के शिक्षक शमशेर सिंह रोहणा व द्रोणाचार्य अवॉर्डी प्रीतम सिवाच मौजूद रहेंगी।