सोनीपत। कुख्यात राजू बसौदी का फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में एसटीएफ ने एक आरोपी को पंजाब की रोपड जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। आरोपी हिमाचल के चंबा का रहने वाला अरविंद है। उसने ही पंजाब के डेराबस्सी के रमन को राजू बसौदी का पासपोर्ट बनवाने को कहा था। वह फर्जी पासपोर्ट बनवाने के एक अन्य मामले में रोपड़ जेल में बंद था। रमन ने रिमांड के दौरान उसका नाम लिया है।
मोस्टवांटेड राजू बसौदी फर्जी पासपोर्ट के आधार पर विदेश भाग गया था। उसे एसटीएफ ने फरवरी, 2020 में थाईलैंड से लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। राजू बसौदी के पास से फर्जी पासपोर्ट भी मिला था। उस पर राजू बसौदी का नाम सरदार गुरवीर सिंह लिखा था। उसका पगड़ी पहना हुआ फोटो पासपोर्ट पर चस्पा किया गया था। एसटीएफ की जांच में सामने आया था कि पासपोर्ट को पंजाब से बनवाया गया था। तब एसटीएफ ने फर्जी पासपोर्ट बनवाने का भी मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसटीएफ की जांच में सामने आया था कि पंजाब के जीरकपुर थाने के पुलिसकर्मियों ने राजू बसौदी के फर्जी पासपोर्ट बनने से पहले उसका सत्यापन किया था। पुलिस ने ऐसे स्थान पर राजू बसौदी का आवास दिखाकर सत्यापन कर दिया था, वहां कोई आवास नहीं था। मामले में एसटीएफ ने जीरकपुर थाने के हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने के साथ ही हेड मुंशी सुखवंत को प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। उसके बाद पंजाब के डेराबस्सी निवासी रमन को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। उसने ही पुलिसकर्मियों को फर्जी पते का सत्यापन कराया था। रमन ने अब एसटीएफ को बताया कि उसको फर्जी कागजात तैयार कराने की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश के चंबा के अरविंद ने सौंपी थी। अरविंद काफी समय से पंजाब के लुधियाना में रह रहा था।
आरोपी रमन को अरविंद ने ही दिए थे पांच लाख रुपये
आरोपी रमन ने एसटीएफ को बताया था कि राजू बसौदी का पासपोर्ट बनवाने के बदले में अरविंद ने पांच लाख रुपये दिए थे। उन रुपयों को पुलिसकर्मियों, फर्जी कागजात तैयार करने वालों और पासपोर्ट आफिस के कर्मियों में बांटा गया था। उसके चलते आसानी से पासपोर्ट मिल गया था।
वर्जन
आरोपी अरविंद को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जाएगी। एसटीएफ मामले में लगातार शिकंजा कस रही है। जल्द पूरे गैंग से पर्दा उठाया जाएगा।
- महेश कुमार श्योराण, डीएसपी, एसटीएफ।