फोटो 24: सोनीपत की नई अनाज मंडी में हल्की बारिश के दौरान भीगी धान की ढेरियां। संवाद
सोनीपत। वीरवार दोपहर बारिश में खेत से लेकर अनाज मंडी में धान फिर भीग गया जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई। दोपहर बाद मंडी में खरीद प्रक्रिया प्रभावित रही और नमी अधिक होने से लगभग 3 हजार क्विंटल धान बिना बिके रह गया। बारिश के बाद धान के भावों में आई गिरावट का दौर जारी रहा। वीरवार सुबह करीब 8 हजार क्विंटल धान की खरीद की गई। हाथ से कटाई करके मंडी में पहुंचे किसानों को 3150 रुपये प्रति क्विंटल तक का ही भाव मिला, वहीं मशीन से काटे गए धान का भाव 2901 रुपये प्रति क्विंटल ही रहा। उम्मीद की जा रही थी कि यह 3300 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है। लेकिन मौसम परिवर्तन के चलते परिस्थितियों को किसानों के प्रतिकूल कर दिया।
11 दिन बाद भी पीआर धान की नहीं हुई खरीद
नई अनाज मंडी में अब तक धान की खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। पीआर धान की सरकारी खरीद के लिए 22 सितंबर से पोर्टल खुल चुका है। शुरुआत में धान में नमी की मात्रा को लेकर खरीद नहीं हो पाई थी। बाद में आढ़तियों ने खरीद प्रक्रिया से हाथ पीछे खींच लिए थे। अब फैसला किया गया है कि आढ़तियों के माध्यम से खरीद नहीं होगी। हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ (हैफेड) के अधिकारी सरकारी खरीद शुरू नहीं कर रहे हैं। जिसकी वजह से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ (हैफेड) की ओर से कासंडी खरीद केंद्र में सरकारी खरीद की जा रही है। अब तक 163 मीट्रिक टन पीआर धान की खरीद की जा चुकी है लेकिन 95 एमटी धान वीरवार को खरीदा गया। खरीद केंद्र से धान का उठान भी शुरू कर दिया गया है।