वीरवार रात से शुरू हुई बारिश से बिजली की खपत में कमी आई है, लेकिन फाल्ट ने उपभोक्ताओं की परेशानी को बढ़ा दिया है। बारिश शुरू होने से पहले तक जिले में रोजाना 1.04 करोड़ बिजली यूनिट की खपत हो रही थी, लेकिन अब वह घटकर 83.61 लाख यूनिट रह गई है। बिजली की खपत बेशक 20.39 लाख यूनिट कम हो गई है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से फाल्ट बढ़ गए हैं। ऐसे में फाल्ट के चलते कई उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल पा रही है।
शुक्रवार को जिले में 83.61 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई। बारिश से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं बिजली खपत में भी कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन और बारिश होने की संभावना है, जिससे बिजली की खपत में और अधिक कमी आने की उम्मीद है। बारिश की वजह से अधिकतर कृषि क्षेत्र के फीडर बंद रहे। बारिश ज्यादा होने की वजह से वर्तमान में ट्यूबवेल से सिंचाई की जरूरत नहीं है।
लोगों को इस बार मध्य सितंबर तक गर्मी से जूझना पड़ा। उपभोक्ताओं को गर्मी से राहत पाने के लिए लगातार एसी व कूलर चलाने पड़ रहे थे। शुक्रवार को दिनभर बारिश होने के कारण 83.61 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई थी, जबकि इससे पहले 104 लाख यूनिट से अधिक बिजली की खपत चल रही थी। इससे पहले जिलेभर में 21 सितंबर को 112 लाख, 20 सितंबर को 126 लाख, 19 सितंबर को 117 लाख, 18, 17 व 16 सितंबर को 109-109 लाख यूनिट बिजली की खपत रही।
पटेल नगर में तारों पर गिरा पेड़, रातभर गुल रही बिजली
राठधना रोड स्थित पटेल नगर में शुक्रवार रात बारिश में पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिसके कारण तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे कॉलोनी में अंधेरा छा गया। तार के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों की उसकी मरम्मत शुरू हुई, जो सुबह 10 बजे ठीक हो सकी।
शहर की कई क्षेत्रों में कई घंटे गुल रही बिजली
शनिवार को भी सेक्टर-14, मुरथल अड्डा, मोहान नगर, कच्चे क्वार्टर मार्केट, टीचर कॉलोनी, गीता भवन व सुभाष चौक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। कार्यालय में शनिवार सुबह पांच से दोपहर तीन बजे तक 630 शिकायत दर्ज की जा गईं।
बारिश के चलते शुक्रवार को बिजली की मांग कम रही। शुक्रवार को जिले में 83.61 लाख यूनिट बिजली की आपूर्ति की गई। बारिश के चलते जिन लाइनों में फाल्ट आया था, उनको ठीक करने में कर्मचारी दिनभर जुटे रहे। संदीप जैन, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम