सोनीपत। नोटिस देने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाने पर रेलवे प्रशासन ने ज्ञान नगर में मंगलवार को अवैध कब्जे हटवाए। बुलडोजर की सहायता से अवैध कब्जे को ध्वस्त किया गया। रेलवे ने अपनी जमीन पर चूना डालकर सीमांकन किया और लाइन के बाहर निर्माण होने पर उसे तोड़ दिया जाएगा। हाईस्पीड ट्रेनों के चलते रेलवे लाइन के दोनों तरफ दीवार खड़ी करने को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
इससे पहले रेलवे ने कॉलोनीवासियों को लाइन की तरफ घरों के दरवाजे, खिड़की, बाथरूम व अवैध कब्जे हटाने के लिए नोटिस देकर 18 जून तक का समय दिया था। ऐसे में जिन लोगों ने अवैध कब्जा नहीं हटाया था, उन पर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटा दिया गया। कार्रवाई को लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में उप निगमायुक्त हरदीप सिंह, आरपीएफ थाना प्रभारी संगम, जीआरपी थाना प्रभारी महावीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने कॉलोनी में रेलवे लाइन की तरफ कार्यवाही करवाते हुए बुलडोजर से तीन शौचालय, दो कमरे, पांच पशुओं के बाड़े, चार बटोड़े सहित लाइनों के पास बनाए गए बैठने के स्थानों को हटवाया दिया। पुलिस कर्मी सुरेंद, बृजेश, सुनील, धर्मेंद्र, विकास, सुरेश व रामचंद्र मौजूद रहे।
दिल्ली-अंबाला रेल मार्ग पर हाई स्पीड ट्रेन चलने के निर्णय के बाद रेलवे लाइन के दोनों तरफ दीवार खड़ी की जा रही है, ताकि अनाधिकृत रूप से कोई भी रेलवे लाइन पार न कर सके। इसी के तहत सोनीपत में दीवार खड़ा करने का 80 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। सुंदर सांवरी, जटवाड़ा, हरसाना, डबल स्टाेरी कॉलोनी, एटलस रोड कॉलोनी सहित विभिन्न एरिया में दीवार खड़ी कर ली गई है। वहीं ईदगाह कॉलाेनी के पास अंडर पास से शनि मंदिर तक शेष बचे हिस्से में दीवार खड़ी करने का कार्य अधूरा है। यहां लोगों के विरोध के चलते दीवार नहीं बनाई गई है। कॉलाेनीवासियों का कहना है कि दीवार खड़ी होने से वह घरों में कैद होकर रह जाएंगे या घर खाली करने पड़ेंगे। उनकी मांग है कि सुंदर सांवरी की तरह उन्हें भी छह फुट का रास्ता दिया जाए। वहीं कॉलोनी वासियों ने मंगलवार को भाजपा नेता राजीव जैन व निगम पार्षद इंदु वलेचा के साथ समाधान शिविर में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने दीवार खड़ी करते समय घरों के लिए रास्ता छोड़ने का आग्रह किया।
वर्जन -
ज्ञान नगर व सुंदर सांवरी के लोगों ने रेलवे लाइन के तरफ रास्ता मुहैया करवाने की मांग की है। इस बारे में जल्द रेलवे अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का हल करवाया जाएगा।-विश्राम मीणा, आयुक्त, नगर निगम, सोनीपत
वर्जन -
रेलवे ने नोटिस देने के बाद ही अपनी जमीन से अवैध कब्जों को हटवाया है। आगे भी जमीन की पैमाइश करवाकर कार्यवाही को जारी रखा जाएगा। अगर रेलवे की जमीन पर कहीं अवैध कब्जे रह गए हैं तो उन्हें भी हटवाया जाएगा।-नरेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, उत्तर रेलवे