फोटो 06: सोनीपत में सारंग रोड रेलवे अंडरब्रिज व गोहाना रोड मार्केट की दुकानों के सामने भरे पानी
सोनीपत। डिस्पोजल पंप की लाइन टूटने के कारण सारंग रोड रेलवे अंडरब्रिज में पांच दिन से करीब पांच फीट तक पानी भरा है। पानी ओवरफ्लो होकर दुकानों तक पहुंच चुका है। पानी की निकासी प्रभावित होने से अंडरब्रिज से आवाजाही नहीं हो रही है। गोहाना रोड मार्केट के दुकानदारों ने बुधवार को एकत्रित होकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द पानी की निकासी नहीं कराई तो वह आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। 28 दिसंबर को डिस्पोजल पंप की पाइप लाइन टूट गई थी। इसकी वजह से अंडरब्रिज में करीब पांच फीट तक पानी भरा हुआ है। जिससे चलते उसी दिन से अंडरब्रिज से पूरी तरह यातायात बाधित है। पैदल राहगीरों को करीब डेढ़ किलोमीटर का फेरा लगाकर या फिर जान जोखिम में डालकर रेल लाइन से गुजरना पड़ रहा है। गोहाना रोड मार्केट में ओवरफ्लो होने के कारण पानी घुस रहा है। बुधवार को दुकानदारों ने दुकान के सामने जलभराव होने पर रोष जताया।
दुकानदार अरमान, ओमप्रकाश मलिक, अमित, अशोक दहिया, सुरेश, सुनील ने बताया कि रेलवे अंडरब्रिज में पानी भरने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां पानी भरता रहा है। कभी बारिश में तो कभी बे मौसम। वह आरओबी के बजाय अंडरब्रिज से सीधे सारंग रोड पर निकल जाते थे। इस बार अंडरब्रिज का हाल देखकर वह दंग रह गए। गोहाना रोड मार्केट के दुकानों तक पानी पहुंच गया। बारिश में भी यहां कभी इतना पानी नहीं भरा था। उनकी मांग है कि नगर निगम की ओर से जल्द पानी की निकासी कराई जाए। अन्यथा वह आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
शंभू दयाल डिस्पोजल पंप की पुरानी पाइपलाइन टूट गई थी। करीब 18 फीट लंबी नई लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। 24 घंटे में काम पूरा करके पानी की निकासी करा दी जाएगी। अंडरब्रिज से पानी निकालने के लिए ट्रैक्टर लगा रखा है।
- प्रविंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता, नगर निगम