सोनीपत। अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग के तरावड़ी स्टेशन पर मंगलवार तड़के मालगाड़ी के बेपटरी होने से करीब सात कंटेनर रेलवे ट्रैक पर गिर गए, इससे करीब 7 घंटे तक रेलवे यातायात बाधित रहा। इस हादसे में ट्रैक के साथ ओएचई लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे के बाद लंबी दूरी की ट्रेनों को अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे ने स्थिति को देखते हुए दिल्ली-कुरुक्षेत्र व कुरुक्षेत्र दिल्ली रूट पर चलने वाली छह ट्रेनों को रद्द कर दिया, जबकि नौ गाड़ियों को अन्य रूट से गुजारा गया। अंबाला-दिल्ली रूट पर आवागमन करने वाले यात्री सोनीपत स्टेशन पर इंतजार करते रहे।
अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग के तरावड़ी स्टेशन पर मंगलवार सुबह 4:26 बजे अंबाला से दिल्ली की तरफ जा रही मालगाड़ी के पहिए ट्रैक से उतर गए। इससे मालगाड़ी पर रखे सात कंटेनर ट्रैक पर गिर गए। इनमें से एक कंटेनर ओएचई के खंभे से टकराने के कारण अप-डाउन की ओएचई लाइन टूट गई और ट्रैक भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते रेलवे ने अंबाला-दिल्ली रूट अप-डाउन लाइन पर चलने वाली करीब छह गाड़ियों को रद्द कर दिया। इनमें कुरुक्षेत्र से दिल्ली रूट पर चलने वाली एचएनके व केडीएम सवारी गाड़ी व दिल्ली से अंबाला से की ओर जाने वाली शान-ए-पंजाब शामिल रही। साथ ही करीब नौ ट्रेनों को दूसरे मार्ग से गुजारा गया। करीब 10 ट्रेनों का संचालन आधे से तीन घंटे की देरी से किया गया। यात्री सोनीपत स्टेशन पर ट्रेनों के पहुंचने का इंतजार करते रहे। वहीं हादसे की सूचना के बाद अधिकतर यात्रियों ने रोडवेज बसों व निजी वाहनों का सहारा लिया। अधिकारियों के अनुसार सुबह 11:48 बजे रेलवे यातायात को सुचारू कर दिया गया था। ट्रैक बहाल होने के बाद अंबाला-दिल्ली रूट पर ट्रेनों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
यह ट्रेनें की गई रद्द
ट्रेन संख्या ट्रेन का नाम
04406 कुरुक्षेत्र-हजरत निजामुद्दीन पैसेंजर
12460 नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
04178 कुरुक्षेत्र-दिल्ली पैसेंजर
12497 शान-ए-पंजाब
22429 पठानकोट एक्सप्रेस
04127 दिल्ली-पानीपत पैसेंजर
रूट बदलकर चलाई गई ट्रेनें
ट्रेन संख्या नाम
11078 झेलम एक्सप्रेस
12006 नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस
12058 नई दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस
18102 टाटा नगर एक्सप्रेस
12919 मालवा एक्सप्रेस
11057 दादर एक्सप्रेस
12011 कालका शताब्दी एक्सप्रेस
15707 आम्रपाली एक्सप्रेस
14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस
अंबाला-दिल्ली-अंबाला रूट की प्रभावित गाड़ियां
ट्रेन संख्या नाम देरी
12926 पश्चिम एक्सप्रेस 1:31 घंटे
12312 नेताजी एक्सप्रेस 42 मिनट
15708 आम्रपाली एक्सप्रेस 1:25 घंटे
04472 पानीपत-दिल्ली पैसेंजर 26 मिनट
04076 पानीपत-दिल्ली पैसेंजर 3:18 घंटे
22430 अंबाला-दिल्ली एक्सप्रेस 1.00 घंटा
04449 दिल्ली-कुरुक्षेत्र 28 मिनट
11841 गीता जयंती एक्सप्रेस 26 मिनट
12925 पश्चिम एक्सप्रेस 30 मिनट
12459 अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस 1.00 घंटा
14507 फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस 42 मिनट
वर्जन
अंबाला-दिल्ली रूट पर तरावड़ी स्टेशन पर तड़के मालगाड़ी के पहिये पटरी से उतरने व कंटेनर रेलवे ट्रैक पर गिरने से यातायात बाधित हो गया था। हादसे के चलते अंबाला-दिल्ली-अंबाला रूट पर चलने वाली तीन सवारी गाड़ियों सहित छह ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया। कुछ गाड़ियाें को मार्ग बदलकर चलाया गया। अप-डाउन लाइन पर व्यवस्था को ठीक करवाने के बाद रेलवे यातायात को सुचारू कर दिया गया है।
- दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली