कामी रोड पर गोहाना बाईपास के पास शनिवार दोपहर पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंके तो खाकी ने भी जवाब फायर कर दिया। इसके बाद आरोपियों को काबू कर लिया गया। दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
सीआईए स्टाफ के एएसआई हरीओम के नेतृत्व में एएसआई धर्मवीर, मुख्य सिपाही नवीन, सिपाही संजय, अमित, विनीत शनिवार दोपहर को कामी बाईपास टी बिंदू पर मौजूद थे। इसी दौरान इन्हें सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियारों सहित स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर जीटी रोड की तरफ से आने वाले हैं।
इस सूचना पर पुलिस पार्टी ने अविलंब कार्रवाई करते हुए ट्रैप लगा दिया। कुछ समय बाद उक्त युवकों को बाइक पर आता देख रुकने का इशारा किया। बदमाशों ने पुलिस पार्टी को देख उन पर सीधा फायर कर दिया। बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर दो फायर किए। इसके जवाब में पुलिस पार्टी द्वारा हवाई फायर किया गया। इसके बाद बदमाशों को पुलिस ने धर-दबोचा। नाम और पता पूछने पर अपनी पहचान सुशील उर्फ सीला निवासी पांची और रमेश निवासी नया बांस जिला सोनीपत के रूप में दी।
तलाशी लेने पर इनके कब्जे से तीन अवैध देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो खाली खोल मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सदर सोनीपत में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जायेगा। ताकि अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।
आपराधिक रहा है रिकॉर्ड
पुलिस पार्टी द्वारा प्रारंभिक पूछताछ करने पर अपने किए अपराधों की स्वीकारोक्ति करते हुए रमेश निवासी नया बास ने बताया कि वर्ष 2009 में मारपीट एवं जान से मारनेे की धमकी देने के मामले में, वर्ष 2009 में ही लड़ाई-झगड़ा एवं मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में और वर्ष 2011 में अपहरण करने के एक मामले में थाना सदर सोनीपत और थाना शहर सोनीपत पुलिस द्वारा पहले भी गिरफ्तार किया गया था। सुशील उर्फ सीला ने बताया की वर्ष 2014 में मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में गन्नौर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।