सोनीपत। सेक्टर-26 मैप्सको सिटी में मैप्सको गार्डन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर चारों रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन व सेक्टरवासियों ने रविवार को बैठक की। उन्होंने मैप्सको प्रबंधन पर तानाशाही, मनमाने रवैये का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया।
पदाधिकारियों ने बताया कि एसोसिएशन के आह्वान करने पर भी मैप्सको प्रबंधक बैठक तक नहीं करती जबकि स्थानीय लोगों पर अनावश्यक पानी बिल, क्लब चार्ज थोपे जा रहे हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मैप्सको परिसर स्थित क्लब सुविधा की बुकिंग में सामने आई प्रशासनिक अनियमितता को लेकर रोष है। 29 दिसंबर 2025 को एमए-247 निवासी की ओर से 14 फरवरी 2026 को विवाह समारोह के लिए बुक किया गया था। इसकी पुष्टि मैप्सको के गुरुग्राम कार्यालय की ओर से भी की गई है।
7 जनवरी को उसी तिथि के लिए क्लब सुविधा एमएफ-50 के नाम पर भी दर्ज कर दिया गया। यह एंट्री कथित रूप से सोनीपत कार्यालय से की गई जबकि उक्त कार्यालय को क्लब बुकिंग से संबंधित कोई अधिकार प्राप्त नहीं है। एसोसिएशन ने इसे अवैध दोहरी बुकिंग, प्रशासनिक लापरवाही व स्थानीय लोगों के साथ विश्वासघात करार दिया।
इस दौरान सेक्टर-27 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन लठवाल, महासचिव राजेश वशिष्ठ, वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र गौतम, चेतन अत्री, सुभाष खर्ब, योगेश कुमार, विनोद ढोंचक, अमित रेड्ढू, वीरेंद्र लाकड़ा, रामकुमार, ईश्वर सैनी मौजूद रहे।
प्रबंधन से मांगा स्पष्टीकरण
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 14 फरवरी को एमए-247 निवासी के अतिरिक्त किसी अन्य निजी या विवाह कार्यक्रम की अनुमति किसी भी परिस्थिति में नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेताया कि यदि प्रबंधन की ओर से मूल बुकिंग को तत्काल बहाल कर लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया गया तो एसोसिएशन कानूनी कार्यवाही करवाने के लिए बाध्य होगी।