सोनीपत के खरखौदा के पक्का बाग कॉलाेनी में पाइपलाइन डालने का काम रुकने पर प्रदर्शन करते लोग। संव
खरखौदा। वार्ड नंबर 11 के पक्का बाग कॉलोनी की गली में नालियों को बंद कर डाली जा रही पाइपलाइन का काम रुकने से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया।
उनका कहना है कि गली में पाइपलाइन डालने के लिए खोदाई किए हुए एक सप्ताह से ज्यादा का समय हो गया है, जिसके कारण उनकी दुकानों का काम बंद पड़ा है। ग्राहकों के दुकान पर आने की भी जगह नहीं है। ऐसी स्थिति में उनका काम सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है।
महिला दुकानदार महिला बबीता, ज्योति, ऊषा व पूजा आदि ने कहा कि पाइपलाइन डालने की कार्रवाई में निर्माण सामग्री पर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य 24 मार्च को बंद करवाया था। निर्माण कार्य करवाने वाली भी नगरपालिका ही है और बंद करने वाले भी नपा के ही चेयरमैन हैं। ऐसे में जब पाइप लाइन डालने का काम शुरू हुआ तब ही गुणवत्ता को लेकर जांच क्यों नहीं की गई। पिछले सप्ताह उनकी दुकानों के आगे नालियों को उखाड़ा गया था, सोमवार को निर्माण कार्य बंद करवा दिया जो अब तक शुरू नहीं हो पाया है। वह किराये पर लेकर दुकानें चला रही हैं। ऐसे में सीधे तौर पर उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। खुदाई के दौरान गली में डाले गए मलबे का उठान भी नहीं हो पाया है। जिससे लोगों को आने-आने में परेशानी हो रही है।