संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यकारी अभियंता को प्रमुख अभियंता के नाम मांगपत्र भी सौंपा।
जिला प्रधान देशराज नैन व जिला सचिव राजेश कुमार ने बताया कि मांगों को लागू करवाने के लिए 4 जुलाई को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के कैंप कार्यालय भिवानी के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। 18 जुलाई को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के कैंप कार्यालय हिसार पर प्रदर्शन किया जाएगा।
उनकी मांग है कि कच्चे कर्मचारियों को नीति बनाकर नियमित किया जाए। जब तक उनको नियमित नहीं किया जाता है तब तक समान काम समान वेतन लागू किया जाए। विभाग की ग्रामीण पेयजल स्कीमों को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने पर रोक लगाई जाए।
ग्राम पंचायत के पास न तकनीकी स्टाफ है और न ही संसाधन जिसके कारण शुद्ध जल उपलब्ध करवाना मुमकिन नहीं है। इस दौरान मुल्क सिंह, राजेश, मुकेश, देशराज, नरेश कुमार, सतीश कुमार, जगनारायण, कृष्ण अत्री, लालमणि, अमित कुमार, प्रदीप, संजय चोपड़ा, सुनील कुमार, आनंद हुड्डा भी मौजूद रहे।