अटेरना में पावर हाउस पर ताला जडने के बाद धरने पर नारेबाजी करते ग्रामीण
- फोटो : Sonipat
राई (सोनीपत)। अटेरना में बिजली सप्लाई कम होने से परेशान ग्रामीणों ने पावर हाउस पर ताला जड़ा और बिजली निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। गेट पर ताला जड़ने के बाद ग्रामीण धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि खेतों में बिजली सप्लाई नहीं होने से उनकी फसलें सूख रही हैं। इस संबंध में कई बार बिजली निगम के अफसरों को शिकायत भी दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस व जेई हितेश पहुंचे। जेई ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर धरने से उठवाया।
ग्रामीण बिजेंद्र, अरुण, दीपक, अरविंद, पवन, मोनू आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव के साथ खेतों में सही तरह से बिजली सप्लाई नहीं हो रही है। जिसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की फसलें सूखने के कगार पर हैं। धान की फसल पर असर पड़ रहा है। अगर समय पर बिजली सप्लाई नहीं की गई तो वह इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। बिजली समस्या को लेकर वह कई बार अफसरों से भी मिल चुके हैं, लेकिन अफसर कोई सुनवाई नहीं कर रहे। जब भी वह बिजली कार्यालय में जाकर शिकायत देते तो अधिकारी जल्द बिजली सप्लाई शुरू कराने का आश्वासन देकर उन्हें वापस घर भेज देते हैं। अफसरों की लापरवाही से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को पावर हाउस पर ताला जड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जेई के आश्वासन पर माने ग्रामीण
थाना कुंडली पुलिस और बिजली निगम के जेई हितेश कुमार भी पावर हाउस पर पहुंचे और ग्रामीणों को आपूर्ति देने का आश्वासन देने के बाद उन्हें धरना स्थल से उठाया। इस पर ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्दी ही नहीं किया गया तो दोबारा से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।