फोटो : सोनीपत के टीका राम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आयोजित बहुविषयक राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर
सोनीपत। टीका राम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 'उच्च शिक्षा में कौशल एकीकरण : एनईपी-2020 में सफलता की एक रूपरेखा विषय पर बहुविषयक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से 257 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीका राम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह दहिया ने किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देना जरूरी है। मुख्य वक्ता सीआरएसयू जींद के कुलपति प्रो. डॉ. आरपी सैनी ने शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति के लिए निरंतर अनुसंधान को आवश्यक बताया। समापन सत्र की अध्यक्षता महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने की।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह राणा ने सम्मेलन के विषय और विभिन्न उपविषयों पर विचार साझा किए। तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता हिंदू कॉलेज की प्राचार्य प्रो. डॉ. सीमा गर्ग, टीका राम कन्या कॉलेज की प्राचार्य प्रो. डॉ. उषा दहिया, सीआरए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. राजीव कुमार, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के प्रो. दिनेश चहल और सीआरए कॉलेज के प्रो. राजरूप चहल ने की। सम्मेलन संयोजक डॉ. रेखा देवी और डॉ. सीमा दहिया ने प्रतिभागियों की संख्या की जानकारी दी।