खरखौदा। भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार लगाए जा रहे लंबे बिजली कट लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। बिजली निगम की ओर से फीडरों पर नई केबल की व्यवस्था करने के नाम पर करीब 15 दिन से अलग-अलग समय में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। इससे लोगों का दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और पेयजल सप्लाई व्यवस्था भी चरमरा गई है।
दिल्ली रोड और नेक्स्ट्रा सिटी फीडर पर कार्य के चलते मंगलवार को करीब तीन घंटे का शटडाउन किया गया। बिजली निगम की ओर से जारी पीटीडब्ल्यू के अनुसार 33 केवी सब स्टेशन खरखौदा से जुड़े दिल्ली रोड और नेक्स्ट्रा सिटी फीडर पर केबल सेटअप के लिए सुबह 10:45 बजे से बिजली आपूर्ति बंद की गई।
बिजली आपूर्ति साढ़े तीन बजे बहाल हुई। राकेश, राहुल, मनीष, कृष्ण, बृजकिशोर, नरेश का कहना है कि गर्मी में पांच-पांच घंटे तक बिजली कट लगने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ रही है। शहर के कई इलाकों में दिन के समय बिजली गुल रहने से कूलर और पंखे बंद हो जाते हैं जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
बिजली कट का असर पानी सप्लाई पर भी पड़ रहा है। दिल्ली मार्ग फीडर से शहर के जलघर की बिजली आपूर्ति जुड़ी हुई है। ऐसे में बिजली बंद होते ही पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो जाती है। कई काॅलोनियों में समय पर पानी नहीं पहुंच पा रहा जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
शहरवासी राजेश, हरीश, अभिषेक, सुमित का कहना है कि बिजली निगम को ऐसे कार्य सर्दी के मौसम में करने चाहिए लेकिन हर बार यह कार्य गर्मी में ही बिजली निगम को याद आते हैं। पिछले साल गर्मी में भी शहर में बिजली केबल बदलने का काम किया गया था जिसे पूरा-पूरा दिन बत्ती गुल रहती थी।
वर्जन
सैदपुर उपमंडल कार्यालय की ओर से नए फीडर खींचे जा रहे है जिसकी वजह से शहर में बिजली कट का परमिट लिया गया है। कार्य अंतिम चरण में है। बिजली गुल होने की समस्या से राहत मिलेगी।
रवि कुमार, उपमंडल अभियंता, बिजली निगम