मुरथल स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अतिरिक्त कार्यभार के पदग्र
सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में सोमवार को प्रो. आशुतोष मिश्रा ने कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है। इस अवसर पर कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने प्रो. आशुतोष मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
प्रो. आशुतोष मिश्रा ने 16 जनवरी, 2025 को ही राई स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के नए कुलसचिव का पदभार ग्रहण किया था। इससे पहले वह दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत थे।
उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अब कुलाधिपति एवं हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम घोष ने डीसीआरयूएसटी मुरथल के कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस संबंध में हरियाणा राजभवन से आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
कुलसचिव प्रो. आशुतोष मिश्रा ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में काम का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। वह कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
इस दौरान डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति के ओएसडी ललित एवं पीएस राजेश भी उपस्थित रहे।