संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जन्माष्टमी पर शुक्रवार को प्राचीन ठाकुरद्वारा पंचायती मंदिर, बड़ा हलवाई हट्टा की ओर से ठाकुर जी की शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त शामिल हुए। पुराने शहर के विभिन्न बाजारों और मार्गों से गुजरने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान की आरती उतारी।
शोभायात्रा से पहले मंदिर परिसर में महेश मुदगिल ने वेद मंत्रों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। मेयर राजीव जैन ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने ठाकुर जी को सिर पर धारण कर रथ तक पहुंचाया और भगवान को रथ में विराजमान करवाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मेयर राजीव जैन ने शहरवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ज्ञान, कर्म और भक्ति के अद्भुत समन्वय के प्रतीक हैं। श्रीमद्भगवद्गीता मानव जीवन को कर्तव्य और धर्म का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने के साथ पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
रात को मेयर राजीव जैन ने शहर के विभिन्न मंदिरों में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने बाबाधाम कामी रोड, कुष्ठ आश्रम सेक्टर-15, प्राचीन हनुमान मंदिर गोहाना रोड, देव नगर, गढ़ी ब्राह्मणान, अग्रवाल मंदिर गुड़ मंडी, भूरे बाबा मंदिर शिव नगर, शिरडी साई धाम कबीरपुर, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम मंदिर जीवन विहार सहित कई स्थानों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त मौजूद रहे।