फोटो ::सोनीपत में बंदियों को प्रमाणपत्र देते जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह और एसआरएम विश्व
सोनीपत। जिला जेल में वीरवार को आयोजित कार्यक्रम में एसआरएम विश्वविद्यालय, सोनीपत के कैदियों व बंदियों के लिए चलाए गए पाक कौशल और होटल प्रबंधन का एक माह का पाठ्यक्रम पूरा करने पर उन्हें प्रमाणपत्र वितरण किए गए। प्रमाणपत्र पाकर पाठ्यक्रम पूरा करने वाले कैदियों के चेहरे खिल उठे।
जिला जेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह और एसआरएम विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. परमजीत एस. जसवाल ने कैदियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्हें अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि कैदियों को स्वरोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में भविष्य में ऐसे आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान एसआरएम के कुलपति डॉ. जसवाल ने सोनीपत जिला जेल के कैदियों के लिए नए अल्पकालिक बेकरी पाठ्यक्रम की शुरुआत की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि जेल में बंद कैदी इन पाठ्यक्रमों को ज्वाइन कर स्वालंबी बन सकेंगे। इस मौके पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रचेता सिंह, एसआरएम विवि के डीन डॉ. विजय कुमार, सोनीपत जेल अधीक्षक राजेंद्र सिंह, उप अधीक्षक सचिन कुमार, दीपक हुड्डा, संदीप कुमार आदि भी मौजूद रहे।