गोहाना। शिक्षा विभाग की ओर से मिशन बुनियाद व हरियाणा सुपर 100 विषय पर हंस ध्वनि ऑडिटोरियम में खंडस्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें गोहाना क्षेत्र के 35 विद्यालयों के 260 विद्यार्थियों और एक-एक टीजीटी शिक्षकों ने भाग लिया। प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 8वीं व 10वीं के तीन-तीन विद्यार्थी शामिल हुए।
मुख्य अतिथि गोहाना खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सांगवान ने सभी विद्यालयों के प्राचार्य, एबीआरसी, बीआरपी को निर्देश दिए कि वह अपने विद्यालयों से 100 फीसदी विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। सभी विद्यालय यह भी सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक योग्य विद्यार्थी परीक्षा में भाग लें।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद व हरियाणा सुपर 100 की पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों, कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन बुनियाद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। इसकी अंतिम तिथि 16 दिसंबर है। परीक्षा 24 दिसंबर को होगी।
हरियाणा सुपर 100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 फरवरी व परीक्षा 11 फरवरी को निर्धारित की गई है। दोनों योजनाओं के तहत 60 फीसदी या इससे अधिक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोहाना के प्राचार्य सतेंद्र दहिया ने बताया कि यह परीक्षा केवल मिशन बुनियाद व हरियाणा सुपर 100 में प्रवेश के लिए ही नहीं है। इससे विद्यार्थियों के गणितीय कौशल, तार्किक क्षमता व उनकी विषयगत रुचि का आकलन भी किया जाएगा। सेमिनार में गौरव कपूर, अनीता, हरीश, श्रीदत्त, नरेश, रेणुका, शीला सिंहरोहा, रविंद्र, संजय, कांता, प्रवीण, प्राक्षी, मंजू, हरीश, इंदू, नीतू, फ्रैंकी, प्रिया मौजूद रहीं।