फोटो 12: सोनीपत के खरखौदा आईएमटी में बारिश के दौरान तेज हवाओं के चलते पंडाल का गिरा एक हिस्सा।
- फोटो : सरोजनीनगर थाने के बाहर प्रदर्शन करते भाकियू लोकतांत्रिक के कार्यकर्ता।
सोनीपत। जिले में शनिवार को हुई बारिश के चलते आईएमटी खरखौदा में रविवार को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। इसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में आने वाले थे। प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली थी लेकिन शनिवार की शाम बारिश के साथ चली तेज हवा से पंडाल का एक हिस्सा गिर गया था। इसके चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
खरखौदा आईएमटी परिसर में रविवार को 5 एकड़ क्षेत्र में 20 हजार पौधे रोपित करने की योजना थी ताकि यहां आदर्श वन स्थापित किया जा सके। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यअतिथि के रूप में आने वाले थे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन से सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।
कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल बनाया गया था। शनिवार की शाम बारिश के साथ तेज हवा के चलते पंडाल का एक हिस्सा गिर गया। प्रशासन की ओर से फिर पंडाल दुरुस्त कराया गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय को इसकी सूचना दी गई। खराब मौसम को देखते हुए सुरक्षा कारणों से आखिर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया जिससे वन महोत्सव स्थगित कर दिया गया।
पहले यह कार्यक्रम 17 अगस्त को होना था जिसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई थी, लेकिन लगातार बारिश होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर पानी भर गया, जिससे कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था। उपायुक्त डॉ. सुशील सारवान ने खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के निरस्त होने की जानकारी दी।
इसके बाद नई तारीख 24 अगस्त रखी गई लेकिन पूरी तैयारी होने के बाद बारिश ने फिर खलल डाल दी। सुबह तक मौसम ठीक था। प्रशासन ने दिन रात एक कर कार्यक्रम की तैयारी की, लेकिन शाम को हुई बारिश ने पूरी तैयारी पर पानी फेर दिया।