सोनीपत। अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए शहर में वार्ड स्तर पर व हर गांवों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
28 से 30 अप्रैल तक लगने वाले शिविरों में संबंधित अधिकारी पीपीपी में दर्ज आय को छोड़कर सभी प्रकार की त्रुटियां दूर करेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ने अपने कार्यालय में परिवार पहचान पत्र शिविरों को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिए।
एडीसी अंकिता चौधरी ने कहा कि शिविर के दौरान जन प्रतिनिधियों से भी सहयोग लें, जिससे वह लोगों को जागरूक कर सकें कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए परिवार पहचान पत्र जरूरी है। योजनाओं का लाभ के लिए लोगों को अब सरकारी कार्यालयों में जाने की भी जरूरत नहीं है। पीपीपी में दर्ज आंकड़ों के अनुसार लोगों को घर बैठे ही योजनाओं का फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस भी विद्यालय में यह शिविर लगाए जाएंगे।
आवश्यकता पड़ने पर उन सभी विद्यालयों के संसाधन भी इस कार्य में प्रयोग किए जा सकते हैं, इसलिए सभी विद्यालयों के प्रिंसिपल को इस बारे में आदेश जारी करें। इसके अलावा उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिविरों में बिजली की उचित व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल को निर्देश दिए कि वह सभी ग्राम सचिवों को पत्र जारी करें कि सभी गांवों में शिविरों को लेकर मुनादी करवाई जाए।
शिविर से गैर हाजिर रहने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
एडीसी ने कहा कि संबंधित सभी अधिकारी इन शिविरों में समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों के पीपीपी में कोई त्रुटि है तो वह इन शिविरों में आकर परिवार पहचान पत्र को अपडेट करवाएं।
28 अप्रैल से लगाए जाएंगे अंत्योदय उत्थान मेले
एडीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से जरूरतमंद परिवारों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अंत्योदय उत्थान मेलों का आयोजन किया जाता है। इन मेलों में उन परिवारों को सूचना देकर बुलाया जाता है, जिनकी परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। इस सभी परिवारों को इन मेलों में मौके पर ही सरकारी योजनाओं का फायदा दिलवाया जाता है। उन्होंने बताया कि जिला में यह मेले 28 अप्रैल से शुरू हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी इन मेलों में उपस्थित होकर लोगों को सभी योजनाओं का फायदा दिलवाएं, जिसके लिए वे पात्र हैं।