कुंडली। नगर पालिका क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर नपा कार्यालय में चेयरपर्सन शिमला देवी की अध्यक्षता में पार्षदों व बिजली निगम के अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान बिजली निगम के उपमंडल अधिकारी सतीश गोयत ने पार्षदों से वार्डों में बिजली समस्याएं दुरुस्त करने के लिए सुझाव मांगे। उपमंडल अधिकारी ने बताया कि जल्द ही कुंडली में ओवरलोड की समस्या खत्म हो जाएगी। क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए क्षेत्र में 20 नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम शुरू हो चुका है। साथ ही उन्होंने 33केवी उप केंद्र स्थापित करने के लिए पार्षदों से जमीन भी मांगी।
उपमंडल अधिकारी सतीश गोयत ने बताया कि बिजली व्यवस्था में सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए बिजली निगम ने पूरी योजना बनाई है। बिजली समस्याओं का स्थायी हल करने के लिए योजना पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नपा क्षेत्र में बिजली निगम की ओर से पांच नए ट्रांसफार्मर स्थापित करवाए गए हैं। 15 ट्रांसफार्मर नपा पार्षदों की राय लेने पर स्थापित कराए जाएंगे। इस दौरान नपा पार्षदों ने उपमंडल अधिकारी से जर्जर तार बदलवाने व जर्जर खंभे बदलवाने की मांग की। इस पर उपमंडल अधिकारी सतीश गोयत ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि नए ट्रांसफार्मर स्थापित करते समय जर्जर खंभों व तारों को बदलवाया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में लोगों को बिजली किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों को मुख्य मार्ग पर जर्जर खंभों के टूटने व पेड़ों की टहनियों के कारण स्पार्किंग होने से बाधित होने वाली बिजली समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
वार्डों में लगाए जाएंगे जनता दरबार
पार्षदों की मांग पर उपमंडल अधिकारी सतीश गोयत ने कहा कि लोगों की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए वार्डों में जनता दरबार लगाए जाएंगे। इस दौरान लोगों के गलत बिजली बिलों को ठीक कराया जाएगा। साथ ही खराब बिजली मीटरों को लेकर शिकायत सुनी जाएगी। इस दौरान बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता शिवचरण, शशिकांत, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।