खरखौदा। गांव हलालपुर के युवक को विदेशी साथी के साथ पिस्तौल लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना महंगा पड़ गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ जिस पिस्तौल के साथ फोटो पोस्ट की थी उसका लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला पुलिस आयुक्त के संज्ञान में एक मामला आया था। जिसमें गांव हलालपुर निवासी आशीष ने अपने एक नाइजीरियान साथी के साथ अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पिस्तौल के साथ फोटो अपलोड की थी।
मामले में क्राइम यूनिट, कुंडली की टीम ने कार्रवाई करते हुए जब आशीष से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह हत्या के मामले में 12 साल तक जेल में रह चुका है। उस पर करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। जेल में रहने के दौरान ही उसकी मुलाकात एक नाइजीरियन नागरिक से हुई थी। बाहर आने के बाद उसके एक साथी सोनू ने उसे कहा कि उसके रिठाला के एक साथी संजू का रोहिणी में प्रॉपर्टी का काम है। उसे एक जमीन के मामले में उत्तर प्रदेश के डासना न्यायालय में पेशी पर जाना है, जिसके पास एक पिस्तौल भी है। अगर वह साथ चलेगा तो वह उसे कुछ पैसे भी दे देगा। इसके बाद आशीष साथी सोनू के साथ संजू के पास पहुंचा।
वहां से वह डासना न्यायालय में चले गए। आशीष ने बताया कि उसे न्यायालय में पेशी पर आया नाइजीरियन दोस्त दिखाई दिया। उसने संजू की लाइसेंसी पिस्तौल और नाइजीरियन के साथ फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। मामले में क्राइम यूनिट, कुंडली के एएसआई सुरेश कुमार ने मुकदमा दर्ज करवाया है। साथ ही पिस्तौल के मालिक का लाइसेंस भी रद्द करने की सिफारिश की है। संवाद