सोनीपत। कनाडा के वैंकूवर शहर में हमलावरों ने गोली मारकर सेक्टर-12 निवासी चिराग की हत्या कर दी थी। कनाडा में चिराग के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और शव को एयरपोर्ट पर भेज दिया गया है। वहां से सोमवार को भारत शव आ सकता है। इसके बाद मंगलवार को गांव बड़ौली में यमुना घाट पर चिराग का अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजन लगातार विदेश मंत्रालय के साथ दूतावास के संपर्क में हैं।
मूलरूप से गांव बड़ौली फिलहाल सेक्टर-12 निवासी रोमित आंतिल ने बताया कि उनके भाई चिराग आंतिल कनाडा के वैंकूवर शहर में एमबीए की पढ़ाई करने गए थे। वह अब वर्क वीजा पर एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करते थे। उन्हें वैंकूवर पुलिस ने मेल से जानकारी दी थी कि आपके भाई चिराग आंतिल की वैंकूवर में हत्या कर दी गई है। इसके बाद से परिवार के सदस्य कनाडा पुलिस व वहां रह रहे परिचितों के संपर्क में थे। परिवार के सदस्यों ने विदेश मंत्री एस.जयशंकर व दूतावास से संपर्क किया चिराग के शव को जल्द भारत पहुंचवाने की गुहार लगाई थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें कनाडा से जानकारी मिली है कि चिराग के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
चिराग के शव को कनाडा एयरपोर्ट परिसर में रखवाया गया जहां से उनका शव सोमवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है। परिजनों का कहना है कि शव के भारत पहुंचने के बाद गांव बड़ौली में यमुना घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मां हो जाती है बेसुध, भाई व पिता परेशान
विदेश में बेटे की हत्या की जानकारी होने के बाद से मां की हालत बिगड़ी हुई है। परिजनों का कहना है कि वह अक्सर बेसुध हो जाती हैं। वहीं पिता, भाई व मामा लगातार शव को भारत लेकर आने को प्रयासरत हैं। परिजनों ने बताया कि वैंकूवर पुलिस ने वहां पत्रकारों को बताया है एक बेकसूर की जान गई है।