सोनीपत। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण से वंचित रहने वाले किसानों को सरकार एक ओर मौका दे रही है। 5 और 6 अप्रैल को पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। किसान अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करवाएं। इसके अलावा मंडियों में फसल की खरीद के लिए सभी तैयारियां जल्द पूरी की जाएं और परिवार पहचान पत्र के तहत इनकम सत्यापन का कार्य 20 अप्रैल तक निपटाएं। यह निर्देश शनिवार को सीएम मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेंस के दौरान अधिकारियों को दिए।
डीसी डीसी श्याम लाल पूनिया ने बताया कि सीएम ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अफसरों को मेरी फसल-मेरा ब्योरा योजना के तहत पंजीकरण की जानकारी दी और रबी फसलों की खरीद के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस बार रबी फसलों की खरीद का भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया जाएगा। इसके लिए हर प्रकार की आवश्यक तैयारियां पूरी की जाए। उन्होंने आढ़तियों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह फसलों की आवक से लेकर खरीद और उठान की सभी तैयारियां पूरी करें।
डीसी ने कहा कि हर संबंधित विभाग रोड सेफ्टी ऑडिट अवश्य करवाएं। सड़क निर्माण करने वाले विभाग पांच-पांच किलोमीटर के आदर्श रोड चिह्नित करें। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर एंबुलेंस की व्यवस्था व मार्गों से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा, एडीसी अशोक बंसल, एसडीएम विश्राम मीणा, शशि वसुंधरा, प्रदीप कुमार, डॉ. अनमोल, नगराधीश जितेंद्र जोशी, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुभाषचंद्र, डीएसपी जोगेंद्र राठी, डीआरओ राजकुमार सिंह, एक्सईएन पंकज गौड़, बीईओ जितेंद्र मौजूद रहे।