सोनीपत स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान और पार्षद मोनिका नागर मीडिय
सोनीपत। विकास कार्यों के शिलापट्ट को लेकर सोनीपत नगर निगम में राजनीति गरम हो चुकी है। रविवार को कांग्रेस भवन में शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान और पार्षद मोनिका नागर ने सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित पार्षदों को जान-बूझकर टारगेट किया जा रहा है लेकिन कांग्रेस डरने के बजाय लड़ेगी।
पार्षद मोनिका नागर ने कहा कि गांव लहराड़ा में पार्क और कब्रिस्तान का सुंदरीकरण होने के बाद शिलापट्ट तैयार करवाया गया था। इस पर प्रोटोकाल के तहत सांसद, मेयर और विधायक के नाम लिखे गए थे। जैसे ही मेयर को कांग्रेस सांसद के नाम का पता चला उन्होंने उद्घाटन करने से मना कर दिया।
मोनिका नागर ने दावा किया कि उन्हें फोन पर सांसद का नाम हटाने के लिए कहा गया। उन्होंने मना किया तो सत्ता पक्ष ने पहले पत्थर को तुड़वाया और उद्घाटन के बाद तीन जनवरी को पत्थर ही चोरी कर लिया।
शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष पार्षदों को डराने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और पार्षद एकजुट होकर इस भेदभाव के खिलाफ लड़ेगा। उद्घाटन पत्थर को चोरी करना या तुड़वाना न केवल पार्षद का अपमान है बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी प्रहार है।