प्रदेश में भाजपा की जुमला सरकार है। पंचायत चुनाव में भाजपा की हार हुई, लेकिन सरकार इसे जीत बताकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। अगर भाजपा को अपनी लोकप्रियता पर इतना भरोसा था तो चुनाव चिन्ह पर प्रत्याशी उतारकर पंचायत चुनाव क्यों नहीं लड़ा। यह बात हिसार से इनेलो के लोकसभा सांसद दुष्यंत चौटाला ने कही। वह मंगलवार देर रात इनेलो जिलाध्यक्ष पद्म सिंह दहिया की बेटी की शादी में शिरकत करने सोनीपत आए थे।
दुष्यंत ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में पार्टी के जिला परिषद चेयरमैन बनेंगे। इनेलो नेता ने कहा कि बिजली बिलों की बढ़ोतरी सरकार को हर सूरत में वापस लेनी होगी और इसके लिए चाहे जेल ही क्यूं न जाना पड़े। बिजली उपभोक्ताओं के हितों के लिए इनेलो का यह संघर्ष जारी रहेगा, क्योंकि जनता के हित सर्वोपरि है। चौटाला ने कहा कि भाजपा ने जनता को धोखे में रखकर सत्ता तो हथिया ली लेकिन आज जनता के हितों के लिए कोई भी काम नहीं कर रही है।
विवाह समारोह में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, ब्रिगेडियर ओपी चौधरी, कृष्ण चंद्र बांगड़, तेलूराम जोगी, पूर्व मंत्री जसविंद्र संधू, पूर्व स्पीकर सतवीर कादियान, जुलाना से विधायक परमिंदर ढुल, जींद से विधायक हरिचंद मिढ़ा, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, रामफल कुंडू, पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह, पूर्व विधायक रमेश खटक, पूर्व विधायक रामकुमार सैनी, पूर्व विधायक रामफल चिड़ाना ने भी शिरकत की।