बिहार चुनाव के नतीजे जैसे ही रविवार को सामने आने लगे, वैसे-वैसे ही नेता भी सक्रिय होने लगे। अलग-अलग पार्टी के नेताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी। भाजपा की ओर से जहां सांसद रमेश कौशिक ने हार स्वीकार करते हुए बताया कि प्रजातंत्र में हार-जीत तो होती ही है।
दूसरी ओर सोनीपत में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी पहुंचे। हुड्डा ने बिहार चुनाव को पूरे देश की तस्वीर बताया। इसी तरह से इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. केसी बांगड़ ने इस हार के बारे में कहा कि बिहार ने भाजपा को आइना दिखा दिया।
बिहार के लोगों ने हरियाणा बनने से बचाया : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा रविवार शाम को सोनीपत पहुंचे थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा को जमकर कोसा। हुडा ने कहा कि जनता से जो वायदे किये थे वह पूरे नहीं हो पाये इसलिए बिहार चुनाव में उनकी ये हालत हुई है। भूपेंद्र हुड्डा ने महागठबंधन के नेताओं के जीत पर बधाई दी। हुड्डा ने कहा कि बिहार के लोगों ने बिहार को हरियाणा बनने से बचा लिया है।
ये प्रजातंत्र, होती रहती है हार जीत : कौशिक
गोहाना। देश में प्रजातंत्र हैं इसमें कभी हार तो कभी जीत होती रहती है। जीवन में हार जीत नहीं होगी तो जीवन से लड़ने में काफी मुश्किलें होंगी। यह कहना है सोनीपत सांसद रमेश कौशिक का। वे रविवार को गांव वजीरपुरा में एक निजी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। उन्होंने बिहार चुनाव के बारे में कहा कि बिहार में भाजपा स्वच्छ राजनीति कर रही थी, लेकिन अन्य दलों ने जनता का ध्यान भटका दिया।
भाजपा के लिए बहुत बड़ा झटका
गोहाना। इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. केसी बांगड़ ने कहा कि बिहार में जिस तरह से भाजपा की हार हुई है वो भाजपा के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। भाजपा की सरकार बनने से पहले भाजपा नेताओं ने देश की जनता से जो वायदे किए थे उनपर भाजपा की सरकार खरी नहीं उतरी। इसलिए उन्हें पहले दिल्ली और अब बिहार में हार मिली है।