संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। शहर की रहने वाली युवती ने एक पुलिसकर्मी व समेत चार लोगों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी देने समेत अन्य आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उनकी प्रॉपर्टी को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता विनिता ने पुलिस को बताया कि परिवार में माता-पिता के साथ वह चार बहनें हैं। वर्ष 2020 में उनके पिता नरेंद्र सिंह ने सेवानिवृत्त होने के बाद गांव बड़वासनी के निकट भूमि खरीदी थी। इस पर अस्थायी निर्माण किया था। 20 जून 2023 को एक मिठाई की दुकान खोली गई। दुकान को लेकर पुलिसकर्मी संदीप ने परिचय बनाने के बाद उनके साथ गड़बड़ी की। उसने उनके पिता की संपत्ति पर अनाधिकृत कब्जा कर लिया है। वह सेवानिवृत्ति पर मिली राशि हड़पने के लिए कर रहा है। उनके पिता को कोई खाद्य पदार्थ खिलाकर शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर किया गया। बीमार होने के कारण उनके पिता ने दुकान पर जाना बंद कर दिया। बाद में 18 अक्तूबर 2023 को जब पिता मिठाई की दुकान पर गए तो उन्हें वहां पुलिसकर्मी मिला। बिक्री और अन्य चीजों के बारे में पूछने पर उसने उनके पिता से अभद्रता की और नुकसान होने की बात कहकर भरपाई के लिए 23 लाख रुपये मांगने लगा।
युवती का आरोप है कि जांच करने पर पता लगा कि उनके पिता के खातों में धोखे से क्यूआर कोड बनाकर और उन्हें उद्घाटन के दिन से मिठाई की दुकान में चिपका दिया था। बिक्री के रूप में आए रुपये अपने से जुड़े बैंक खातों में स्थानांतरित कर लिए। पत्नी के नाम पर जीएसटी नंबर परिवर्तित कर लिया। उन्हें धमकी दी जा रही है। पीड़िता की शिकायत देकर सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।