बहालगढ़ स्थित गुड़गांव ग्रामीण बैंक के बाहर सुरक्षा में तैनात सिपाही की स्टेनगन से इत्तेफाक से चली गोली लगने से सिपाही की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव मोखरा, रोहतक निवासी पवन (32) बहालगढ़ पुलिस चौकी पर सिपाही के पद पर तैनात था। वह रात की ड्यूटी के बाद सुबह गुड़गांव ग्रामीण बैंक की शाखा में सुरक्षा करने गया था। वह बैंक के बाहर तैनात था। इसी बीच वह पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया।
वहां धूप लगने पर बैंक में लंच पीरियड के दौरान वह बैंक के सामने खड़े थ्री-व्हीलर में बैठ गया। उस समय थ्री-व्हीलर में कोई भी नहीं था। इसी बीच अचानक उसकी स्टेनगन से गोली चल गई। गोली पवन की गर्दन के पास लगी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही बहालगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही पवन को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना के बाद राई थाना प्रभारी दयाचंद व डीएसपी मुख्यालय दर्शनलाल मलिक ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक गोली ने शरीर में चार जगह बना दिए घाव
पवन को लगी एक गोली ने उसके शरीर के अंदर चार जगह घाव कर दिए। पवन बहालगढ़ पुलिस चौकी से स्टेनगन में दस गोलियां लेकर निकला था। पुलिस ने थ्री-व्हीलर से एक खोल भी बरामद किया है।
दो सप्ताह पहले ही बहालगढ़ चौकी में हुई तैनाती
अचानक चली गोली लगने से काल का ग्रास बना पवन दो सप्ताह पहले ही बहालगढ़ चौकी में तबादले पर आया था। वह पहले सिविल लाइन थाना की सेक्टर-14 चौकी पुलिस में तैनात था।
पवन बैंक में सुरक्षा के लिए तैनात था। जब वह थ्री-व्हीलर में बैठकर निगरानी कर रहा था तो अचानक गोली चल गई थी। जिससे वह घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
-दर्शनलाल मलिक, डीएसपी, हैड क्वार्टर