फोटो :: सोनीपत पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों की जानकारी देते विशेषज्ञ। स्रो
सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एचआईवी व एड्स जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा एचआईवी व एड्स से जुड़े भ्रम और मिथकों को दूर करना रहा।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में सामान्य अस्पताल के नोडल अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. तरुण यादव ने एचआईवी व एड्स के कारणों, लक्षणों, संक्रमण से बचाव और उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. तरुण यादव ने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चुनौतीपूर्ण और अनियमित होती है इसलिए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित दिनचर्या और संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक रहने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि एचआईवी व एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना समय की आवश्यकता है। सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से ही इस बीमारी की रोकथाम संभव है। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश कौशिक, फार्मेसी अधिकारी देवेंद्र सिंह, डब्ल्यूआई जसमेर सिंह, लाइन अधिकारी उप निरीक्षक कुलदीप, सीडीआई उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे।