सोनीपत। पुलिस ने सूचना के आधार पर वीरवार देर रात बाबा कॉलोनी से 300 किलो पनीर से भरी गाड़ी को पकड़ा है। इसके बाद पनीर से भरी गाड़ी को शहर थाना में ले जाया गया। जहां पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को बुलाकर दुग्ध पदार्थों की जांच कराई। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र ने पनीर के दो और दही का एक नमूना लिया है। इन नमूनों को सील बंद करके चंडीगढ़ स्थित राज्य खाद्य, औषधि और उत्पाद शुल्क प्रयोगशाला में भेज दिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाबा कॉलोनी में निम्न स्तर के पनीर की आपूर्ति की जा रही है। सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस बाबा कॉलोनी में पनीर भंडार के पास पहुंची। वहां दुकान के बाहर एक गाड़ी खड़ी मिली। इस दौरान पुलिस ने देखा कि गाड़ी में काफी मात्रा में दही व पनीर भरा हुआ था। इसके बाद पुलिस गाड़ी को लेकर शहर थाना में पहुंची। पुलिस टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र से संपर्क कर तड़के तीन बजे शहर थाना परिसर में बुलाया। इसके बाद सैंपलिंग प्रक्रिया शुरू हो सकी। दो घंटे तक चली प्रक्रिया के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र ने पनीर के दो और दही का एक नमूना भरा। इन सैंपलों को सीलबंद करके जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला में भेज दिया है। सैंपलिंग के बाद गाड़ी को छोड़ दिया गया। प्रयोगशाला से रिपोर्ट में अगर पनीर या दही का सैंपल फेल हो जाता है तो तब तक उक्त माल का इस्तेमाल लोग कर चुके होंगे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र ने कहा कि खराब गुणवत्ता का सामान प्रयोग करने वालों के खिलाफ खाद्य सामग्री एक्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। राज्य खाद्य, औषधि एवं उत्पाद शुल्क प्रयोगशाला, चंडीगढ़ से नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।