सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर सोमवार शाम रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पास सिग्नल सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। सिग्नल तार में अचानक स्पार्किंग होने के कारण दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को कुछ देर के लिए रोका गया। तकनीकी टीम की ओर से खराबी दूर करने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया गया।
सोमवार शाम को रोहतक रोड ओवरबिज के पास तकनीकी खामी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और सिग्नल प्रणाली की जांच शुरू की। इसी दौरान दिल्ली से अमृतसर जा रही 22487 अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस तथा नई दिल्ली से माता वैष्णो देवी कटड़ा जा रही 22477 वंदे भारत एक्सप्रेस को एहतियातन रोक दिया।
रेलवे विशेषज्ञों ने तार में आई खराबी को तुरंत दूर कर सिग्नल सिस्टम को बहाल किया। आवश्यक मरम्मत के बाद दोनों ट्रेनों को सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना कर दिया गया। तकनीकी दिक्कत के कारण ट्रेनें करीब चार-पांच मिनट तक रुकी रहीं इससे यात्रियों को थोड़ी देर के लिए असुविधा हुई।
रेलवे के अनुसार समय रहते खराबी को नियंत्रित कर लिया गया। इससे किसी बड़े व्यवधान या दुर्घटना की आशंका नहीं रही। भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए मौके पर सिग्नल सिस्टम की अतिरिक्त जांच भी की गई है।
सोमवार शाम करीब पौने पांच बजे सिग्नल तार में स्पार्किंग के कारण वंदे भारत ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोका गया था। तकनीकी टीम ने खराबी दूर करने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया गया।
- धर्मपाल सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी