सोनीपत। कुंडली टीडीआई सिटी रोड स्थित रेस्टोरेंट के कमरे में यूपी के इटावा के बीबापुर मऊ निवासी बलराम की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज खानपुर में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बलराम के भाई कुलदीप ने दर्ज कराई प्राथमिकी में लिखा है कि उनके भाई बलराम काम की तलाश में टीडीआई रोड स्थित कैरी जंक्शन रेस्टोरेंट पर आए थे। वहीं से उन्होंने कुलदीप को वीडियो कॉल की और बताया कि रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने उसे साथ लगे कमरे में रात बिताने के लिए भेज दिया है।
कमरे में पहले से दिल्ली के अलीपुर का आजाद, पानीपत का विशाल और उनके चार-पांच दोस्त मौजूद थे। वह जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान कॉल पर अचानक कमरे से तेज झगड़े और चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं और कुछ ही क्षण बाद कॉल कट गई थी।
पुलिस ने मृतक के भाई कुलदीप के बयान पर आजाद, विशाल और उनके चार-पांच साथियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की।
सुबह कमरे में मृत पड़ा मिला बलराम
बुधवार सुबह अन्य कर्मियों ने कमरे में देखा तो बलराम का खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। उनका गला रेतने के साथ-साथ शरीर पर धारदार हथियारों से हमले के कई निशान थे। पुलिस अब मुख्य आरोपी आजाद और विशाल की तलाश को दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि पांच टीमें गठित की गई है। दिल्ली-पानीपत में दबिश देने के साथ ही सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।