संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नागरिक को घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। अगर पीएनजी के लिए कोई व्यक्ति पंजीकरण करता है तो उसे 72 घंटे में कनेक्शन उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त ने बताया कि पीएनजी के लिए दो कंपनियां गेल गैस प्रा. लि. व एचपीसीएल कार्य कर रही हैं। गेल गैस कंपनी राई, कुंडली, बहालगढ़, मुरथल, सोनीपत शहर व आसपास के गांवों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अब तक गेल ने 61 हजार से अधिक कनेक्शन दिए हैं। एचपीसीएल कंपनी की ओर से गन्नौर, गोहाना, खरखौदा एवं इनके तहत आने वाले क्षेत्रों व कॉलोनियों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। पीएनजी कनेक्शन घरेलू तथा व्यावसायिक दोनों प्रकार के उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिक किसी भी जानकारी के लिए एचपीसीएल से संबंधित 8278285860 और गेल गैस से संबंधित 0130-2235900, 0130-2235910 पर संपर्क कर सकते हैं।