सोनीपत। गणतंत्र दिवस से पहले प्रदेश सरकार ने छह गांवों के 678 परिवारों को रहने के लिए छत उपलब्ध कराने की सौगात दी है। सरकार ने 678 परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित किए हैं। कई ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बनी रही। उनका कहना था कि प्लाॅट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। प्रशासन की ओर से शुक्रवार को प्लॉटों के ड्रा निकलने की सूचना तक उन्हें नहीं दी गई। जिन लोगों को ड्राॅ के जरिए प्लॉट आवंटित हुए, उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली। मुरथल विश्वविद्यालय के सभागार में प्लॉटों का ऑनलाइन ड्राॅ किया गया। इसमें जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जितेंद्र कुमार व संबंधित बीडीपीओ शामिल रहे। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के पहले चरण के तहत हाउसिंग फॉर ऑल विभाग की ओर से छह गांवों के 678 परिवारों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना के तहत पहले चरण में सरकार ने छह ग्राम पंचायतों की जमीन का चयन किया है। गांव खांडा, थाना कलां, सोहटी, अहीर माजरा, लड़सौली, रतनगढ़ के ऐसे पात्र परिवारों को प्लाॅट आवंटित किए, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से भी कम है। उनके रहने के लिए छत जर्जर अवस्था में है या फिर वह किराये पर रहते हैं। गांव में जिन स्थानों पर पात्र परिवारों को प्लॉट दिए जाएंगे, वहां हाउसिंग फॉर ऑल विभाग शहर की तर्ज पर कॉलोनियां विकसित करेगा।
-
गांव प्लॉट आवंटन
थाना कलां 178
खांडा 168
सोहटी 158
खिजरपुर अहीर माजरा 106
रतनगढ़ 48
लड़सौली 20
रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन पोषण कर रहा हूं। ड्राॅ के माध्यम से प्लॉट मिलने से मुझे खुशी महसूस हो रही है। उम्मीद है कि जल्द उस जगह पर कब्जा मिल जाएगा।
- अंकित, गांव खिजरपुर अहीर माजरा
सरकार ने जरूरतमंद परिवार के लिए रहने के लिए जगह आवंटित की है। प्रशासन ने प्लॉट के लिए सूची में नाम आने पर मुझे मुरथल विश्वविद्यालय में बुलाया था। जल्द गांव में प्लॉटों की सूची चस्पा करने के लिए कहा है।
- अनिल, खिजरपुर अहीर माजरा
बारिश के दौरान घर की छत गिर गई थी। मैंने प्लॉट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, उस समय दस्तावेज भी जमा कराए थे। प्रशासन ने प्लॉटों के निकाले गए ड्राॅ की जानकारी मुझे नहीं दी।
- संतोष, सोहटी
घर में चार कमरे पूरी तरह से कंडम हैं। प्लाॅट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भी मुझे मुरथल विश्वविद्यालय में आने की सूचना तक नहीं दी। कई ग्रामीण यहां आ रहे थे, उनके साथ मैं प्लॉट के लिए आई हूं।
- बिमलेश, सोहटी
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के पहले चरण के तहत छह ग्राम पंचायतों में 678 प्लाॅट का ड्राॅ निकाला गया है। जल्द ही संबंधित गांवों में पात्र परिवारों की सूची चस्पा कर दी जाएगी।
- जितेंद्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी
फोटो 19: अंकित
फोटो 19: अंकित
फोटो 19: अंकित