सोनीपत। खंडस्तरीय सीएम कप प्रतियोगिता का आज से आगाज होने जा रहा है। सीएम कप प्रतियोगिता के छह खेल फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल के मुकाबले खेले जाएंगे। सीएम कप में 14 से 23 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। सीएम कप खंडस्तर पर 7 अगस्त से 10 अगस्त तक आयोजित होगा।
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सीएम कप के लिए फरवरी में जिले से 300 से अधिक टीमों ने आवेदन किया था। अब सीएम कप में कोई भी 14 से 23 आयु वर्ग की टीम भाग ले सकती है। जिन टीमाें ने पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, उनको फोन पर संदेश भेजकर अवगत करा दिया गया है। सीएम कप प्रतियोगिता में खंड, जिला व राज्य तीन स्तरों पर होने वाली है। राज्यस्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को दो लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर डेढ़ लाख व तृतीय स्थान पर एक लाख रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में महिला व पुरुष वर्गों में मुकाबले खेले जाएगे।
खंड स्तरीय खेलों का शेड्यूल :
सोनीपत व राई खंड - 7 अगस्त को खो-खो व हैंडबॉल के मुकाबले सुभाष स्टेडियम, सोनीपत में खेले जाएंगे। कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल व फुटबॉल के मुकाबले मोतीलाल नेहरू खेलकूद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राई में होंगे।
खरखौदा खंड - 8 अगस्त को समस्त छह खेल के मुकाबले प्रताप सिंह मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किए जाएंगे। गन्नौर व मुरथल खंड - 8 अगस्त को समस्त छह खेल के मुकाबले रौनक पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खेले जाएंगे।
गोहाना व मुंडलाना खंड - 9 अगस्त को हैंडबॉल के मुकाबले एसबीएस वरिष्ट माध्यमिक विद्यालय, गांव सरगथल में होंगे। फुटबॉल के मुकाबले डिलाइट पब्लिक स्कूल, गांव जागसी में आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो व बास्केटबॉल के मुकाबले गांव रुखी स्थित खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे।
कथूरा खंड - 10 अगस्त को हैंडबॉल के मुकाबले एसबीएस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गांव सरगथल में होंगे। फुटबॉल के मुकाबले डिलाइट पब्लिक स्कूल, गांव जागसी में आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो व बास्केटबॉल के मुकाबले गांव रुखी स्थित खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे।