सोनीपत। एनएचएम कर्मियों ने अपनी हड़ताल मंगलवार को 10 अगस्त तक बढ़ा दी है। उन्होंने हड़ताल बढ़ाने की सूचना सरकार के नाम सिविल सर्जन को भेजी है। साथ ही उन्होंने लगातार दूसरे दिन सामूहिक उपवास रखा। उन्होंने कहा कि जब तक उनका धरना जारी रहेगा, तब तक वह सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सामूहिक उपवास रहेंगे। जिला नागरिक अस्पताल चल रहे धरनास्थल पर जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने भी समर्थन किया। हड़ताल की वजह से जिला अस्पताल में फिजियोथैरेपी केंद्र पर ताला लटका हुआ है। पीएचसी बेगा में रात के समय डिलिवरी हट बंद रहता है।
जिला प्रधान कप्तान राणा ने कहा कि सरकार एनएचएम कर्मियों के नौ सूत्रीय मांगपत्र पर जल्द कार्रवाई कराई। साथ ही उन्हें सेवा सुरक्षा की गारंटी देने के लिए पत्र जारी करें। वेतन विसंगतियां दूर करते हुए सातवां वेतन आयोग लागू किया जाए। सरकार की ओर से एनएचएम कर्मियों की कोई सुध नहीं ली जा रही है। इसके विरोध में उन्हें मजबूरी में 10 अगस्त तक अपनी हड़ताल बढ़ानी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब कि सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक वह हड़ताल जारी रखेंगे। एनएचएम कर्मचारी साझा मोर्चा के प्रधान राजेश छिक्कारा, महासचिव शीला आंतिल, डॉ. नवीन, डॉ. प्रवीन मलिक, डॉ. कविराज, दिनेश भी मौजूद रहे।