शहर के हिंदू गर्ल्स कालेज की लड़कियों के साथ कैंपस प्लेसमेंट के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का पता चला है। पीड़ित लड़कियों ने इस मामले में मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
मंगलवार शाम के समय 10-15 लड़कियां परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। इन लड़कियों ने बताया कि वे सभी हिंदू गर्ल्स कॉलेज की बीबीए और बीसीए की छात्राएं हैं।
इन्होंने बताया कि परीक्षाओें के बाद 7 जून को हुए कैंपस प्लेसमेंट के जरिए उन्हें महानगर टेलीकॉम नगर लिमिटेड (एमटीएनएल) में नौकरी दी गई थी। प्लेसमेंट के लिए पंकज मंड़ाण नाम के व्यक्ति ने अपने आपको सिक्योरिटी मैनेजर बताते हुए मुलाकात की थी। इनका आरोप है कि पंकज मंड़ाण ने उन्हें एमटीएनल के सेलेक्शन लेटर दिए। इन लेटर में 7 अक्तूबर को ज्वाइनिंग की तारीख दी गई थी।
इस सेलेक्शन के नाम पर उनसे 1 लाख रुपये प्रति लड़की के हिसाब से सिक्योरिटी के तौर पर लिए गए थे। आरोप है कि 6 अक्तूबर को उनके पास मैसेज आया कि चुनाव में ड्यूटी के चलते उनकी ज्वाइनिंग बाद में कराई जाएगी। इसके बाद एमटीएनएल के दिल्ली स्थित कार्यालय में संपर्क किया गया तो पता चला कि ये लेटर फर्जी हैं। लड़कियों ने एसपी को शिकायत में बताया है कि ये लेटर कालेज के प्रिंसिपल और मैनेजमेंट के माध्यम से ही उन्हें मिले थे। इसीलिए सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
हो सकती थी अनहोनी घटना
लड़कियों और उनके परिजनों ने इस मामले में रोष जताते हुए कहा है कि जिस तरह से उनके साथ धोखाधड़ी की गई है, ऐसे तो उनके साथ कोई भी अनहोनी हो सकती थी। क्योंकि कंपनी की तरफ से मैक्सी कैब में ले जाने के लिये सभी लड़कियों ने अपने घर भी दिखाए थे। इसके अलावा सभी लड़कियों के पर्सनल मोबाइल नंबर भी पंकज के पास हैं।
==================
हमारे यहां प्लेसमेंट के लिये कई कंपनियां आती हैं। ये कंपनियां अपने स्तर पर सेलेक्शन करती हैं, इसमें कॉलेज का कोई रोल नहीं होता। बच्चों के साथ धोखाधड़ी हुई है तो इसकी कोई जानकारी मुझे नहीं है। हमने किसी बच्चे से प्लेसमेंट के नाम पर कोई पैसे नहीं लिए।
-आरके गुप्ता, प्राचार्य, हिंदू गर्ल्स कालेज