सोनीपत। थाना सदर पुलिस ने झूठी शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने पास हथियार होने का राज छिपाने के लिए नरेला के एक शख्स के खिलाफ गोली मारने की शिकायत दी थी। आखिर झूठ पकड़ा गया। उससे पुलिस ने एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं।
26 जनवरी को कबीरपुर निवासी अमित ने शिकायत देकर बताया था कि 25 जनवरी को वह तारा नगर में अपने दोस्त कर्ण के पास जन्मदिन समारोह में गया था। रात करीब 12 बजे जब अपने मकान के पीछे पहुंचा तो साथियों के साथ आया नरेला का डैनी हाथापाई पर उतर आया। डैनी ने पिस्तौल से फायर किया जिससे उसका बायां पैर जख्मी हो गया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक अजमेर ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान पर पुलिस को शक था। कड़ी पूछताछ में उसने झूठी शिकायत देने की बात कबूल ली। उसने कहा कि उसके पास एक अवैध हथियार है। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उसने यह ड्रामा रचा।
अब आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्तौल और दो कारतूस बरामद कर लिए हैं। रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद आरोपी को दोबारा से अदालत में पेश किया गया। कोर्टने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। संवाद