गोहाना। जिला निगम आयुक्त (डीएमसी) विश्राम मीणा ने बुधवार को दिव्य नगर योजना में शामिल किए प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। नगर परिषद के अधिकारियों ने प्रोजेक्टों के लिए जो प्रस्ताव तैयार किए हैं उनके अनुसार मौके पर जाकर स्थिति को देखा। डीएमसी ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों ने शहर के विकास के लिए अच्छा प्लान तैयार किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावों को जल्द उनके कार्यालय में भेजें, जिनको मुख्यालय भिजवाया जाएगा।
नगर परिषद ने शहर में पानीपत-रोहतक रोड, महम रोड-जींद रोड स्थित आश्रम, बरोदा रोड, रोहतक रोड स्थित श्मशान स्थल और दरियापुर बस्ती में स्थित तालाब को दिव्य नगर योजना में शामिल किया है। इन प्रोजेक्टों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं जिन पर लगभग 33 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान लगाया है। योजना के तहत नगर परिषद शहर के तीन मार्गों पर सुंदरीकरण करवाएगा। श्मशान स्थल में बड़े स्तर पर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। दरियापुर बस्ती के तालाब को झील के रूप में तैयार करवाकर पिकनिक स्पाॅट बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्टों के प्रस्ताव और प्रारंभिक ड्राइंग तैयार करवाई जा चुकी है। निगमायुक्त विश्राम मीणा ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा, कार्यकारी अभियंता नवीन सहरावत, कनिष्ठ अभियंता अंकित धनखड़ के साथ प्रस्तावित प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्मशान स्थल पर प्रवेश द्वारों के निकट शौचालय बनाने की भी सलाह दी। इस मौके पर श्मशान स्थल समिति से हरभगवान चोपड़ा व अन्य प्रतिनिधि रहे।