सोनीपत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शाहपुर तुर्क में पीजीटी शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हो गया। खंड शिक्षा अधिकारी सोनीपत अनिल वर्मा के मार्गदर्शन और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी चांद किशोर के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, विद्यालय आधारित आकलन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय आधारित आकलन, समावेशी शिक्षा, दिव्यांग विद्यार्थियों की विशेष आवश्यकताओं और किशोरावस्था की मनोवैज्ञानिक विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को बताया गया कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता, रुचि और आवश्यकता अलग होती है। ऐसे में शिक्षण प्रक्रिया को विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को समझने के लिए केस स्टडी के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी दी गई। शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार, उनकी मनोदशा और सीखने में आने वाली कठिनाइयों को समझकर उचित मार्गदर्शन देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।