सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई के तरणताल में डूबने से क्रिकेट प्रशिक्षक बनने के लिए पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रहे छात्र की मौत हो गई। वह मंगलवार रात अभ्यास सत्र के बाद प्रशिक्षकों, सहपाठियों और अन्य छात्रों के साथ तरणताल (स्विमिंग पूल) में गए थे जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी डूबने से मौत हो गई। परिवार की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग के बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है और विसरा जांच के लिए भेज दिया है।
साउथ दिल्ली के गौतम नगर स्थित हाउस नंबर-बी 200 निवासी निशांत गौतम (30) हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई से एक साल का क्रिकेट का पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रहे थे। अगस्त, 2025 में शुरू हुआ कोर्स दो माह में पूरा होना था। वह फिलहाल विश्वविद्यालय हॉस्टल में रह रहे थे। विवि में कोर्स की परीक्षा चल रही है। वीरवार को ही पहला पेपर था।
दिन में परीक्षा देने के बाद उन्होंने शाम को क्रिकेट का मुकाबला खेला था। बाद में वह रात करीब साढ़े आठ बजे नहाने के लिए तरणताल में चले गए। उनके साथ उनके अन्य सहपाठी भी थे। इनमें क्रिकेट व एथलीट के खिलाड़ी और तरणताल व क्रिकेट कोच भी मौजूद थे। निशांत गौतम अच्छे तैराक बताए जा रहे हैं।
तरणताल में नहाते समय वह अचानक डूब गए। इसका पता लगने पर वहां सहपाठियों व स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद उन्हें तुरंत बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां से नागरिक अस्पताल भेज दिया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तरणताल को मंगलवार को शुरू किया गया था। अब उसे फॉरेंसिक जांच के लिए बंद कर दिया गया है। तरणताल में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में वीडियोग्राफी के बीच मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में डूबने से मौत का पता लगा है। मामले में विसरा जांच के लिए भेजा गया है ताकि हर पहलू की गहनता से जांच हो सके।
निशांत के चाचा कुलदीप ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि कुछ लोगों के बयानों में विरोधाभास था। इसकी जांच होनी चाहिए। निशांत एक बेटे के पिता थे और पत्नी तीन माह की गर्भवती है। निशांत के गांव में प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की बुआ की शादी हुई है।
वर्जन
विवि के तरणताल में डूबने छात्र की मौत के मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। सीनियर कंसल्टेंट स्पोर्ट्स प्रो. राजेंद्र प्रसाद गर्ग के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।-अशोक कुमार, कुलपति, खेल विवि, राई
0
खेल विवि के तरणताल में डूबने से छात्र की मौत का पता लगा था। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर विसरा जांच को भेजा है। मामले में हर पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है।-विपिन अहलावत, एसीपी, राई