फोटो - राजकीय महिला कॉलेज, गोहाना। संवाद
- फोटो : Archive
गोहाना। कॉलेजों में पीजी कोर्सों में कम आवेदन आने पर उच्चतर शिक्षा विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 अगस्त कर दी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को आवेदनों में संशोधन के लिए एक दिन का समय मिलेगा। इसके बाद विभाग 24 अगस्त को पहली कटऑफ लिस्ट जारी करेगा।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र में पीजी कोर्सों के लिए 20 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी जिसकी अंतिम तिथि 28 जुलाई थी। उपमंडल के दो कॉलेजों में पीजी कोर्स संचालित होते हैं। दोनों कॉलेजों में स्नातकोत्तर संकायों की 500 सीटें स्वीकृत हैं, जिनके लिए अब तक 257 आवेदन जमा हुए हैं। सीटों की तुलना में कम आवेदन आने पर विभाग ने आवेदन की तिथि बढ़ाई थी।
तिथि बढ़ाए जाने के बाद शहर के महिला कॉलेज में आवेदनों की संख्या बढ़ने लगी। कॉलेजों में दूसरी बार आवेदन प्रक्रिया सात अगस्त तक चली। विभाग ने 11 अगस्त को पहली कटऑफ जारी करने का शेड्यूल तय किया था। कॉलेजों में अभी भी करीब 50 प्रतिशत सीटें खाली हैं।
महिला कॉलेज में कोर्स अनुसार आवेदनों का आंकड़ा
कोर्स आवेदन
एमएससी केमिस्ट्री 11
पीजीडीसीए 05
एमकॉम 32
एमएससी ज्योग्राफी 72
एमए हिंदी 76
राजकीय कॉलेज बड़ौता में आवेदनों का आंकड़ा
कोर्स आवेदन
एमए राजनीति विज्ञान 31
एमए ज्योग्राफी 07
एमए हिंदी 07
एमए अंग्रेजी 14
-
स्नातकोत्तर कोर्सों में आवेदनों की संख्या कम होने के कारण मुख्यालय ने तिथि बढ़ाई है। विद्यार्थी 21 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। तिथि बढ़ने से पहले आवेदन करने से वंचित विद्यार्थी भी आवेदन कर कॉलेज में दाखिला ले सकेंगे।
मनमोहन चहल, नोडल अधिकारी, राजकीय महिला कॉलेज, गोहाना